बैंक अधिकारी बनकर महिला से 16.50 लाख रुपये की ठगी

करया थाने में दर्ज करायी गयी शिकायत
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : महानगर में जालसाजों ने बैंक अधिकारी बनकर एक बुजुर्ग महिला के बैंक अकाउंट से 16.50 लाख रुपये उड़ा लिए। पीड़िता ने इस संबंध में करया थाने में शिकायत दर्ज करायी है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, 63 वर्षीय शिरीन जावेद ने बताया कि 26 मार्च 2026 को उनके बैंक खाते से कुल 16.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। यह रकम उनकी जीवन भर की बचत थी, जिसे उन्होंने अपने बुढ़ापे के सहारे के रूप में जमा किया था। पीड़िता के अनुसार, 25 मार्च को खुद को एक प्राइवेट बैंक की कर्मचारी बताने वाली एक महिला उनके घर आई थी। उसने बैंक ऐप में आ रही समस्या को ठीक करने का आश्वासन दिया और कहा कि बैंक से कोई व्यक्ति जल्द ही संपर्क करेगा। इसके बाद एक अज्ञात नंबर से फोन आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए उन्हें मोबाइल ऐप डाउनलोड करने और विभिन्न प्रक्रियाएं पूरी करने के लिए निर्देशित किया। पीड़िता ने उसके निर्देशों का पालन किया। 26 मार्च को दोपहर में तबीयत खराब होने के कारण शिरीन जावेद सो रही थीं। इसी दौरान जालसाजों ने उनके खाते से कई बार में बड़ी रकम ट्रांसफर कर ली। शाम करीब 5.15 बजे उठने पर जब उन्होंने मोबाइल संदेश देखे, तब उन्हें ठगी का पता चला। घटना का पता चलते ही उन्होंने बैंक मैनेजर से संपर्क कर अपने खातों को तुरंत फ्रीज कराया और कस्टमर केयर में शिकायत दर्ज की। साथ ही राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और संदिग्ध मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in