

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पोस्ता थाना क्षेत्र के कॉटन स्ट्रीट में हुई 1 करोड़ 30 लाख रुपये की दुस्साहसिक डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले की जांच करते हुए पोस्ता थाना पुलिस ने हावड़ा के गोलाबाड़ी इलाके से सरस्वती शर्मा नामक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 70 लाख रुपये की नकदी भी बरामद की है। बरामद की गई रकम 5-5 लाख रुपये के बंडलों में रखी गई थी। आरोप है मामले में फरार महिला की पति रामचंद्र शर्मा की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार रामचंद्र हिनीश डकैती का मास्टरमाइंड है। उसने ही डकैतों को राजस्थान से बुलाया था। हावड़ा के गोलाबाड़ी स्थित उसके घर से डकैतों के पहने हुए कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
हथियार की नोक पर दुकान की तिजोरी से लूटे थे रुपये
गौरतलब है कि बीते 20 अगस्त को कॉटन स्ट्रीट स्थित एक दुकान में कुछ हथियारबंद बदमाश घुसे और रिवॉल्वर दिखाकर तिजोरी में रखे 1.30 करोड़ रुपये लूटकर फरार हो गए थे। इस वारदात के सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इससे पहले पुलिस ने इस डकैती कांड में शामिल ललित मूंधड़ा नामक आरोपी को गिरफ्तार किया था, जिसे बैंकशाल अदालत ने 7 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेजा है।
अदालत में जमानत का विरोध, 2 सितंबर तक पुलिस रिमांड
शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार महिला आरोपी सरस्वती शर्मा को बैंकशाल अदालत के एसीजेएम (1) दिब्येंदु नाथ के समक्ष पेश किया। सुनवाई के दौरान सरकारी वकील दीप नारायण पाकराशी ने महिला की जमानत याचिका का कड़ा विरोध किया और मामले के तार जोड़ने व शेष रकम की बरामदगी के लिए पुलिस हिरासत की मांग की। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपी महिला को 2 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं और बाकी के रुपये कहां छिपाए गए हैं।