

कोलकाता: नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के खुफिया अधिकारियों ने गांजा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मालती राय नाम की एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपित महिला कूचबिहार जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है। रविवार को उसे बैंकशाल कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उसे एक दिन की जेल हिरासत में भेज दिया गया है। सरकारी वकील अल्पना भौमिक ने बताया कि एनसीबी को पहले ही गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन के जरिए मादक पदार्थों की बड़ी खेप कोलकाता लाई जा रही है। इसी सूचना के आधार पर शनिवार को अधिकारियों की एक टीम ने सियालदह स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 12 पर जाल बिछाया। जैसे ही महिला वहां पहुंची, उसे हिरासत में ले लिया गया। महिला के पास मौजूद दो बोरों की तलाशी लेने पर कुल 16 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ। एनसीबी सूत्रों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद किए गए इस गांजे की कीमत लाखों में आंकी जा रही है। रविवार को सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के वकील मोहम्मद एजाज कासिम ने मालती राय की जमानत के लिए अर्जी दी थी। हालांकि, सरकारी पक्ष ने तस्करी की गंभीरता को देखते हुए इसका विरोध किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने जमानत याचिका खारिज करते हुए आरोपी को एक दिन की जेल हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।