

कोलकाता : ज्यादा रिटर्न देने का लालच देकर कई लोगों से मोटी रकम ऐंठने और ज्वेलरी व्यवसायी को ठगने के आरोप में मोचीपाड़ा थाने की पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला का नाम सपना राय बताया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसे रविवार को राजारहाट इलाके से हिरासत में लिया गया। सोमवार को आरोपित महिला को बैंकशाल कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 2 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। अदालत सूत्रों के अनुसार, सरकारी वकील राधानाथ रंग सायाल ने बताया कि सपना राय के खिलाफ दो मामले दर्ज हैं। एक मामले में 19 लाख रुपये की धोखाधड़ी और ठगी का आरोप है, जबकि दूसरे मामले में 20 लाख रुपये ठगने का आरोप है । जानकारी के अनुसार, चिट फंड स्कीम के माध्यम से ठगे गए पैसों का इस्तेमाल कर आरोपित महिला ने मोचीपाड़ा इलाके की एक दुकान से सोने के गहने खरीदे थे। उसने दुकानदार को फर्जी बैंक खाते के जरिए पेमेंट किया था, लेकिन बाद में पता चला कि पैसा निकाल लिया गया था। इसके बाद मोचीपाड़ा थाने में महिला के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज की गई। पुलिस हिरासत में भेजे जाने के बाद अब महिला से मामले की विस्तृत पूछताछ की जा रही है।