नशीली दवा खिलाकर बुजुर्गों को लूटने वाली शातिर नौकरानी गिरफ्तार

विज्ञापनों से करती थी अकेले बुजुर्गों की तलाश
 गिरफ्तार महिला के साथ पाटुली थाना के ओसी जयंत सरकार ए‍वं अन्य पुलिस अधिकारी
गिरफ्तार महिला के साथ पाटुली थाना के ओसी जयंत सरकार ए‍वं अन्य पुलिस अधिकारी
Published on

पाटुली थाना इलाके की घटना

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : महानगर में अकेले रहने वाले बुजुर्गों को निशाना बनाने वाली एक शातिर नौकरानी को पाटुली थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 35 वर्षीय आरोपी महिला अखबारों में प्रकाशित घरेलू सहायकों के विज्ञापनों के जरिए ऐसे घरों को चुनती थी, जहां अकेले रहने वाले वृद्ध नागरिकों को देखभाल की सख्त जरूरत होती थी। नौकरी पाने के बाद वह सेवा भाव दिखाकर उनका भरोसा जीतती और फिर खाने में नशीली गोलियां मिलाकर पूरे घर को साफ कर देती थी। अभियुक्त का नाम शुभाश्री गांगुली है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, यह मामला गरिया के अशोक रोड निवासी 73 वर्षीय सोमशुभ्र सेनशर्मा की शिकायत के बाद सामने आया। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी घरेलू सहायिका शुभाश्री गांगुली ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 11 अगस्त या उससे पहले उन्हें खाने में नशीला पदार्थ दिया और बेहोश कर दिया। इसके बाद आरोपी महिला घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गई। चोरी गए सामानों में सोने से बंधी एक जोड़ी पोला , सोने की दो अंगूठियां, एक जोड़ी कान की बालियां, पांच सोने के बटन और करीब 22,000 रुपये नकद शामिल थे।

महिला पुलिस की मौजूदगी में हावड़ा से हुई गिरफ्तारी

मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम ने सुरागों के आधार पर आरोपी महिला का पता लगाया। 7 सितंबर 2026 को दोपहर लगभग 2:00 बजे महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में हावड़ा के निश्चिंदा थाना इलाके मे स्थित आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की गई। पुलिस ने सभी कानूनी औपचारिकताओं का पालन करते हुए आरोपी शुभाश्री गांगुली (35) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के घर की तलाशी के दौरान पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल सामग्री और संदिग्ध आभूषण जब्त किए हैं।

विज्ञापनों से चुनती थी शिकार

जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी महिला का काम करने का तरीका बेहद शातिर था। वह अखबारों के क्लासिफाइड विज्ञापनों को पढ़कर ऐसे बुजुर्गों का डेटा तैयार करती थी, जो अकेले रहते थे। उनसे नजदीकी बढ़ाकर नौकरी हासिल करती और वारदात को अंजाम देकर गायब हो जाती थी। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि उसने अब तक कितनी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है और इस गिरोह में उसके साथ कौन-कौन शामिल हैं।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in