जेल में बंद कैदी को सुविधा दिलाने के नाम पर वसूली, महिला गिरफ्तार

जोड़ासांको थाना इलाके की घटना
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : जेल में बंद एक कैदी को विशेष सुविधा दिलाने के नाम पर उसके पिता से 10 हजार रुपये मांगने के आरोप में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान गीता यादव के रूप में हुई है। जोड़ासांको थाने की पुलिस ने मामले की जांच के बाद उसे दमदम के गोराबाजार इलाके से गिरफ्तार कर लिया।

क्या है पूरा मामला

पुलिस सूत्रों के मुताबिक कुछ दिनों पहले जोड़ासांको थाने की पुलिस ने शादी का वादा कर दुष्कर्म के मामले में सिद्धांत दास नामक युवक को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि सिद्धांत जैसे ही जेल में गया वैसे वहां पर उसकी मुलाकात हत्या के मामले में सजा काट रहे राजा गोस्वामी से हुई। आरोप है कि राजा ने सिद्धांत के पिता को जेल से फोन किया। उसने कथित तौर पर कहा कि उनका बेटा जेल में है और उसकी देखभाल तथा कुछ सुविधाओं के लिए 10 हजार रुपये देने होंगे। इसके बाद रुपये की मांग की गई। आरोप है कि राजा गोस्वामी ने जब सिद्धांत के पिता से फोन पर बातचीत की उस वक्त राजा की पत्नी गीता कांफ्रेंस कॉल पर थी। राजा ने अपनी पत्नी के मोबाइल पर रुपये ऑनलाइन वॉलेट के जरिए ट्रांसफर करने के लिए कहा था। जेल से वसूली का फोन आने पर युवक के पिता ने पुलिस से घटना की शिकायत की। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि प्रेसिडेंसी जेल से उसे फोन किया गया था। पुलिस ने जांच करते हुए राजा की पत्नी गीता को गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने मामले की जांच के लिए आरोपी गीता यादव को 25 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in