

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
रायदीघी : रायदीघी विधानसभा क्षेत्र के कंकन दीघी इलाके में शुक्रवार शाम को एक दुखद घटना सामने आई। शीतल माइती के घर से सटे फिशरी में मछली पकड़ते समय 50 वर्षीय आदिवासी महिला सुमित्रा सरदार पानी में डूब कर उनकी मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, सुमित्रा सरदार जैसे ही मछली पकड़ने के लिए पानी में उतरीं, अचानक गहरे पानी में चली गईं और तैरने में असफल होने के कारण डूब गईं। घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद स्थानीय लोग और प्रशासन उनकी तलाश में जुट गए। पूरे शाम और देर रात तक महिला का कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार की सुबह पश्चिम बंगाल सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग (डिजास्टर मैनेजमेंट) की गोताखोर टीम को बुलाया गया। टीम ने फिशरी के पास और आसपास गहन खोजबीन की। काफी प्रयासों के बाद महिला का शव फिशरी के पीछे की ओर से बरामद किया गया। बताया गया कि शव की बरामदगी रायदीघी विधानसभा के विधायक डॉ. आलोक जलदाता की तत्पर पहल और सक्रिय मार्गदर्शन के कारण संभव हो पाई। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने फिशरी क्षेत्र को सुरक्षित बनाया और आसपास के लोगों को घटना की गंभीरता के बारे में अवगत कराया। मौके पर पहुंचे लोग और पड़ोसी सुमित्रा सरदार के परिवार से दुख व्यक्त करते हुए उन्हें सांत्वना दे रहे थे। स्थानीय लोग और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह घटना काफी दुखद और हादसेपूर्ण है। इलाके में शोक का माहौल है, और परिवार के सदस्यों को घटना से भारी आघात लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि सुमित्रा सरदार एक मेहनती और स्वाभिमानी महिला थीं और परिवार के पालन-पोषण में हमेशा सक्रिय रहती थीं। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि फिशरी और गहरे पानी वाले स्थानों पर सावधानी बरतें। उन्होंने बताया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सुरक्षा उपायों को और सख्त किया जाएगा। इस दुखद हादसे ने पूरे कंकन दीघी इलाके में शोक और सदमे का माहौल बना दिया है।