

कोलकाता : विधानसभा चुनाव के रण में जोड़ासांको से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार विजय उपाध्याय ने विपक्षी दलों, विशेषकर भाजपा पर कड़ा प्रहार करते हुए क्षेत्र के विकास का नया खाका पेश किया । एक विशेष बातचीत के दौरान उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि उनकी राजनीति धर्म के नाम पर वोट मांगने की नहीं, बल्कि बुनियादी सुविधाओं को आधुनिक बनाने की है।
राम भक्त होने का दावा करने वाले भूल गये हनुमान जी का मंदिर
विजय उपाध्याय ने कहा, ‘यह बड़े शर्म की बात है कि जो लोग 'जय श्री राम' का नारा लगाते हैं, उन्होंने राजा कटरा स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के सामने 40 साल से गंदगी का अंबार लगा रखा है। मंगलवार और शनिवार को जब श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं, तो वहां की स्थिति देखकर मन दुखी हो जाता है। हमने भूतनाथ मंदिर का सौंदर्यीकरण किया है और जीत के बाद हमारी प्राथमिकता होगी कि क्षेत्र के सभी धार्मिक स्थलों के सामने से गंदगी हटाकर उन्हें भव्य रूप दिया जाए।’
सरकारी स्कूलों को बनाएंगे 'स्मार्ट'
चुनाव के बाद अपनी प्राथमिकताओं को गिनाते हुए विजय उपाध्याय ने शिक्षा और जल निकासी पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी प्राइमरी और हायर सेकेंडरी स्कूलों को इंग्लिश मीडियम में बदला जाएगा। स्कूलों को कंप्यूटर और आधुनिक तकनीक से लैस किया जाएगा ताकि गरीब बच्चों का भविष्य उज्ज्वल हो सके। अम्हर्स्ट स्ट्रीट और ठनठनिया इलाके में वर्षों से चली आ रही जलभराव और गंगा पानी की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाएगा। कोलकाता के अन्य हिस्सों की तरह जोड़ासांको के हर कोने से 'ओपन डंपिंग' (खुले में कचरा) को समाप्त किया जाएगा। उपाध्याय ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि जोड़ासांको की माताएं, बहनें और युवा वर्ग इस बार केवल नारों पर नहीं बल्कि 'विकास' और 'नियम' को वोट देंगे।