तिलजला में पत्नी के पेट में घोंपा चाकू

अभियुक्त पति गिरफ्तार
तिलजला में पत्नी के पेट में घोंपा चाकू
Published on

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : महानगर में घरेलू विवाद में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना तिलजला थाना क्षेत्र अंतर्गत पिकनिक गार्डन रोड की है। पुलिस ने मामले में अभियुक्त मरफत शेख उर्फ बापी (36 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। घायल महिला हलीमा खातून को पेट पर गंभीर चोटों के कारण आपातकालीन स्थिति में रुबी जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, घटना रविवार की शाम लगभग 7:30 बजे की है। आरोप है कि पिकनिक गार्डन रोड की एक इमारत की चौथी मंजिल पर रहने वाले पड़ोसी मो. उमर फारुख (25 वर्ष) ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि शाम को आरोपी मरफत शेख और उसकी पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। कुछ समय बाद आरोपी ने पड़ोसी का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खोलने पर पड़ोसी ने देखा कि आरोपी की पत्नी हलीमा खातून खून से लथपथ पड़ी थी और आरोपी पति खुद एम्बुलेंस बुलाने की गुहार लगा रहा था। पड़ोसियों की मदद से पीड़िता को तुरंत कैब के जरिए रुबी जनरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद प्रत्यक्षदर्शी पड़ोसी ने 100 नंबर पर डायल कर कोलकाता पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पति मरफत शेख उर्फ बापी के खिलाफ हत्या के प्रयास और जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज कर लिया है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in