जब रक्षक ही बना भक्षक: ममता बनर्जी

सोनारपुर की घटना के बाद सक्रिय हुईं टीएमसी सुप्रीमो
ममता बनर्जी
ममता बनर्जी
Published on

कोलकाता : सोनारपुर के कामराबाद इलाके में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले और उसके बाद उनकी बिगड़ी तबीयत के मामले ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए स्थिति की निगरानी अपने हाथ में ले ली।

शनिवार की शाम जैसे ही घटना की जानकारी मिली, ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया देते हुए तीखी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में राजनीतिक हिंसा की स्थिति गंभीर होती जा रही है। ममता ने अपने संदेश में भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “रक्षक ही भक्षक बन गया है। भाजपा के लिए शर्म की बात है।”

यही नहीं, घटना के तुरंत बाद ममता बनर्जी कालीघाट स्थित अपने आवास से बाहर निकलीं और सीधे अस्पताल के लिए रवाना हुईं, जहां अभिषेक बनर्जी को पहले भर्ती कराया गया था। सूत्रों के अनुसार, वह करीब 7:30 बजे अभिषेक की मां लता बनर्जी के साथ बाईपास स्थित निजी अस्पताल पहुंचीं और सीधे इमरजेंसी वार्ड में गईं, जहां अभिषेक का इलाज चल रहा था।

इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी अस्पताल पहुंचे, जिनमें सांसद डेरेक ओ’ब्रायन और कोलकाता के पूर्व मेयर शोभन चटर्जी सहित अन्य नेता शामिल थे। ममता बनर्जी ने अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों से भी स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने पर जोर दिया। सूत्रों के मुताबिक, ममता बनर्जी ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अभिषेक बनर्जी को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए मिन्टो पार्क स्थित दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने का निर्णय लिया।

अभिषेक को अस्पताल से बाहर ले जाने के समय ममता ने बताया कि “हम यहां से शिफ्ट कर रहे हैं। यहां इलाज नहीं हो रहा है। ऊपर से कह दिया गया है कि इलाज नहीं करना है।” इसके बाद उन्हें व्हीलचेयर के माध्यम से स्थानांतरित किया गया। ममता बनर्जी ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

अस्पताल प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है, लेकिन घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अभिषेक को मिंटो पार्क स्थित बेल व्यू अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार, अभिषेक के सिर में थोड़ी चोट है। अलग-अलग जगहों पर भी चोटें हैं। हालांकि अब उनकी स्थिति सामान्य है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in