पश्चिम बंगाल डाक सर्कल में राष्ट्रीय डाक सप्ताह का शुभारंभ

टाउन हॉल में भव्य समारोह
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल सर्कल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल अशोक कुमार, साथ में हैं रिजु गांगुली
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल सर्कल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल अशोक कुमार, साथ में हैं रिजु गांगुली
Published on: 

कोलकाता : विश्व डाक दिवस के अवसर पर भारतीय डाक विभाग के पश्चिम बंगाल डाक सर्कल की ओर से राष्ट्रीय डाक सप्ताह 2026 का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर कोलकाता के ऐतिहासिक टाउन हॉल में भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल सर्कल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल अशोक कुमार और दक्षिण बंगाल क्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल रिजु गांगुली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय डाक सप्ताह का वैश्विक विषय ‘विश्व डाक दिवस: एक डाक नेटवर्क, अनंत संभावनाएँ’ है। इसका उद्देश्य डाक नेटवर्क की व्यापक भूमिका, तकनीकी एकीकरण और नागरिक-केंद्रित सेवाओं को बढ़ावा देना है। समारोह में प्रयाग फिलाटेलिक सोसाइटी के प्रतिनिधियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘दुर्गा पूजा—अमूर्त सांस्कृतिक विरासत’ विषय पर विशेष आवरण का आधिकारिक विमोचन रहा। इसके अलावा स्कूली विद्यार्थियों के लिए ‘फिलाटेली ऑन द रनवे’ नामक अंतर-विद्यालयीय फिलाटेलिक फैशन शो आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने डाक टिकटों से प्रेरित परिधानों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, वर्ष 2026 की यू.पी.यू. (यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन) अंतरराष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता के सर्किल स्तर के विजेताओं को सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय डाक सप्ताह के तहत 12 अक्टूबर को ‘फिलाटेली के साथ आनंद दिवस’, 13 अक्टूबर को वित्तीय समावेशन एवं ग्राहक संपर्क सेवा दिवस, 14 अक्टूबर को डाक एवं पार्सल दिवस तथा 15 अक्टूबर को प्रौद्योगिकी एवं नवाचार दिवस मनाया जाएगा। सर्कल के सभी डाक मंडलों में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के जरिए डाक सेवाओं के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, डाक टिकट संग्रह को प्रोत्साहित करने और आधुनिक डाक सेवाओं की उपयोगिता को आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in