

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : उत्तर दमदम नगरपालिका के अंतर्गत बेलघरिया एक्सप्रेसवे के किनारे स्थित डंप यार्ड में चल रहे वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट के कर्मियों से मारपीट की गयी। आरोप है कि स्थानीय असामाजिक तत्वों ने पहले प्लांट के सिक्योरिटी गार्ड को खदेड़ दिया। इसके बाद भारी संख्या में पहुंचे लोगों ने वहां मौजूद कर्मियों से मारपीट की। हमले में रितेश अग्रवाल नामक व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गया। आरोप है कि प्लाट के कर्मियों ने जब पुलिस को फोन किया तो उसकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। घटना के बाद रात को प्लांट के कर्मियों ने दमदम थाने में जाकर शिकायत दर्ज करायी।
जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम 6 बजे 15 से 20 युवकों का दल खुद को एक राजनीतिक दल का समर्थक बताते हुए अचानक बेलघरिया एक्सप्रेसवे के किनारे स्थित वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट में पहुंचा और वहां हंगामा करने लगा। आरोप है कि अभियुक्तों ने पहले सुरक्षा कर्मियों से मारपीट की और एक कर्मी को उठाकर पार्टी ऑफिस ले गये। ईस्टर्न ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर प्रा.लि. के एमडी सुधीर सतनानीवाला ने बताया कि पिछले 30 साल से हम काम कर रहे हैं लेकिन ऐसा पहली बार हुआ जब हमारे प्लांट में घुसकर इस तरह गुंडागर्दी की गयी। उपद्रवियों ने प्लांट में अपने सिक्योरिटी गार्ड तैनात कर दिये। इसके साथ ही वे अपने लोगों को नौकरी पर रखने की मांग करने लगे। अभियुक्तों का कहना था कि प्लांट में सिर्फ उनके लोग काम करेंगे। सुधीर सतनानीवाला ने कहा कि सीएम शुभेंदु अधिकारी राज्य में गुंडा दमन की बात करते हैं और फिर इस तरीके से असामाजिक तत्वों द्वारा हमला किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।