विजन-2047: 20 वर्षों के विकास का खाका तैयार करेगा राज्य

बुनियादी ढांचे के विस्तार का रोडमैप तैयार, बदलेगी राज्य के विकास की तस्वीर
Kolkata
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार ग्रेटर कोलकाता महानगरीय क्षेत्र (Greater Kolkata Metropolitan Region) के समग्र और दीर्घकालिक विकास के लिए 'विजन-2047' दस्तावेज तैयार करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है।

इस व्यापक योजना का उद्देश्य वर्ष 2047 तक क्षेत्र को आधुनिक आधारभूत सुविधाओं, बेहतर शहरी नियोजन और सुदृढ़ आर्थिक ढांचे से लैस करना है।

जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित विजन-2047 में कोलकाता महानगर क्षेत्र तथा उससे जुड़े इलाकों के भविष्य के विकास की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी।

इसमें बढ़ती जनसंख्या, तेजी से हो रहे शहरी विस्तार और आने वाले वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सड़क संपर्क, सार्वजनिक परिवहन, आवास, औद्योगिक विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष फोकस रहेगा।

योजना के तहत शहर और उसके आसपास नए एलिवेटेड कॉरिडोर तथा अन्य आधुनिक परिवहन अवसंरचना विकसित करने का प्रस्ताव है, जिससे यातायात का दबाव कम किया जा सके और महानगर के विभिन्न हिस्सों के बीच संपर्क व्यवस्था अधिक सुगम हो।

साथ ही, महानगर के नियोजित विस्तार के माध्यम से नए विकास क्षेत्रों को मुख्य शहरी ढांचे से जोड़ने की भी योजना बनाई जा रही है। राज्य सरकार का मानना है कि मजबूत आधारभूत ढांचा किसी भी क्षेत्र के आर्थिक विकास की नींव होता है।

इसी सोच के तहत सड़क, परिवहन, जलापूर्ति, सीवरेज, हरित क्षेत्र और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने पर बल दिया जाएगा। इससे निवेश को बढ़ावा मिलने, औद्योगिक गतिविधियों में तेजी आने और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

विजन-2047 को पश्चिम बंगाल के शहरी विकास की दीर्घकालिक रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। इस दस्तावेज के आधार पर अगले दो दशकों में कोलकाता महानगर क्षेत्र को अधिक सुव्यवस्थित, आधुनिक, पर्यावरण-अनुकूल और विश्वस्तरीय शहरी केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में चरणबद्ध तरीके से परियोजनाओं को अमल में लाया जाएगा।

इसके लिए विभिन्न सरकारी विभागों, शहरी विकास एजेंसियों और संबंधित संस्थाओं के बीच समन्वित कार्य योजना तैयार की जाएगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in