

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना: भांगड़ में आईएसएफ और तृणमूल समर्थकों के बीच एक बार फिर हिंसक झड़प हुई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, यह विवाद तब शुरू हुआ जब आईएसएफ नेता ओहिदुल मोल्ला ने सोशल मीडिया पर कैनिंग पूर्व विधायक और भांगड़ विधानसभा के पर्यवेक्षक शौकत मोल्ला के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। इस टिप्पणी के विरोध में बुधवार शाम तृणमूल समर्थक भांगड़ के काटातल्ला इलाके में ओहिदुल के घर पहुंचे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद मारपीट शुरू हो गई। आईएसएफ ने आरोप लगाया है कि तृणमूल समर्थक जबरन ओहिदुल के घर में घुस गए और उनके साथ मारपीट की। दूसरी ओर, तृणमूल कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने केवल ओहिदुल की अपमानजनक टिप्पणी का विरोध किया था, लेकिन आईएसएफ समर्थकों ने उन पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद दोनों पक्षों ने उत्तर काशीपुर थाने में आपस में शिकायत दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने भारी संख्या में बल तैनात किया और इलाके में तनाव को कम करने के लिए निरंतर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने इस घटना से चिंता जताई है और दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस भी दोनों पक्षों को समझाने में लगी है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। इस बीच, प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ा दी है और इलाके में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार कदम उठा रहा है।भांगड़ की इस हिंसक झड़प ने इलाके की शांति को प्रभावित किया है और लोगों में असुरक्षा की भावना उत्पन्न कर दी है। पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य करने का भरोसा दिलाया है।