

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था में एक नया बदलाव देखने को मिला है। घर के आंगन में पहली बार ‘व्यू कटर’ लगाया गया है, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में इसकी वजह को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि हाल के दिनों में तृणमूल नेताओं पर अंडा फेंकने और विरोध-प्रदर्शन की घटनाओं के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है।
गत सोमवार की शाम ममता बनर्जी के आवास से बाहर निकलते समय तृणमूल विधायक एवं प्रवक्ता कुणाल घोष पर अंडा फेंके जाने की घटना हुई थी। आरोप है कि काले कपड़े पहने एक युवक ने अचानक उनके सिर को निशाना बनाकर अंडा फेंका। घटना के बाद कुणाल घोष ने कहा था कि अंडा उनकी बाईं आंख के बेहद करीब लगा और बड़ा हादसा हो सकता था। बाद में पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
बता दें कि विधानसभा चुनाव में तृणमूल की करारी हार के बाद पार्टी के कई नेताओं को जनाक्रोश का सामना करना पड़ा है। सौगत राय, अभिषेक बनर्जी, सब्यसाची दत्ता और कुणाल घोष समेत कई नेताओं के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन और हमलों की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी के आवास पर ‘व्यू कटर’ लगाए जाने को उनकी सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत करने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। इस कदम को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।