

कोलकाता : कोलकाता और हावड़ा को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण विद्यासागर सेतु आज यानि रविवार की सुबह 5 बजे से रात 9 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद रखा जाएगा। पुल पर मरम्मत और रखरखाव कार्य के कारण यह निर्णय लिया गया है। कोलकाता पुलिस द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, हुगली रिवर ब्रिज कमिश्नर्स (एचआरबीसी) इस दौरान सेतु के स्टे एवं होल्डिंग डाउन केबल्स तथा बियरिंग्स के प्रतिस्थापन का कार्य करेगी। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू की है। ए.जे.सी. बोस रोड से विद्यासागर सेतु की ओर जाने वाले वाहनों को टर्फ व्यू से एट-ग्रेड रोड की तरफ मोड़ा जाएगा। ये वाहन हेस्टिंग्स क्रॉसिंग, सेंट जॉर्ज गेट रोड और स्ट्रैंड रोड होते हुए हावड़ा ब्रिज का उपयोग कर सकेंगे। के.पी. रोड से आने वाले वाहनों को 11 फर्लांग गेट से हेस्टिंग्स क्रॉसिंग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, खिदिरपुर की ओर से सी.जी.आर. रोड के रास्ते आने वाले वाहनों को भी हेस्टिंग्स क्रॉसिंग से वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। घोड़ा पास के पास वाई-पॉइंट रैंप से विद्यासागर सेतु पर चढ़ने वाले वाहनों को 11 फर्लांग गेट की ओर मोड़कर के.पी. रोड और रेड रोड के रास्ते हावड़ा ब्रिज की ओर भेजा जाएगा। कोलकाता पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेकर ही घर से निकलें। आवश्यकता पड़ने पर शहर की अन्य प्रमुख सड़कों पर भी अतिरिक्त डायवर्जन लागू किया जा सकता है।