विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, तीन गिरफ्तार

आरोपी मुख्य रूप से एक व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाते थे इस मामले में कई और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है
प्रेस कांफ्रेस को संबोधित करते हुए एएसपी संदीप गराई
प्रेस कांफ्रेस को संबोधित करते हुए एएसपी संदीप गराई
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

डायमंड हार्बर: विदेश, विशेष रूप से न्यूजीलैंड में नौकरी दिलाने के नाम पर कई लोगों से लाखों रुपये की ठगी के आरोप में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम गोलाम मोस्तफा शेख, रामिज उद्दीन शेख और आफ्रिदी शेख हैं। तीनों आरोपी उस्ती थाना क्षेत्र के राजारहाट मोल्लापाड़ा के निवासी बताए जा रहे हैं।

डायमंड हार्बर पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (जोनल) संदीप गराई ने डायमंड हार्बर एसपी कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस मामले में 17 जनवरी को स्वरूपनगर निवासी फारुक मंडल ने उस्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उस्ती थाना क्षेत्र के शिराकोल के रहने वाले कुछ लोगों ने विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर कई लोगों से लाखों रुपये की ठगी की है। आरोप है कि लगभग 22 लोगों से प्रति व्यक्ति दो से तीन लाख रुपये वसूले गए। रुपये लेने के कुछ दिनों बाद आरोपियों ने पीड़ितों को वीजा सौंपा, लेकिन बाद में सभी को पता चला कि वे वीजा पूरी तरह फर्जी थे। इस शिकायत के आधार पर उस्ती थाने में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान उस्ती थाने की पुलिस ने 25 जनवरी को एक आरोपी गोलाम मोस्तफा शेख को गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत में लिया। इसके बाद 27 जनवरी को पुलिस ने इस मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में पासपोर्ट बरामद किए। दो आरोपियों के घर से दो चारपहिया वाहन भी जब्त किए गए, जिनसे भी कुछ पासपोर्ट मिले हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस का अनुमान है कि इस ठगी चक्र में और भी कई लोग शामिल हैं। इसे एक संगठित ठगी गिरोह बताया जा रहा है। अब तक पुलिस लगभग 22 पासपोर्ट बरामद कर चुकी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी मुख्य रूप से एक व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। जांच के दौरान कई और लोगों के नाम सामने आए हैं। करीब सात–आठ महीने पहले दर्ज एक अन्य मामले में भी 100 से अधिक पासपोर्ट बरामद किए गए थे, और पुलिस उस मामले से इस ठगी गिरोह के संबंधों की भी जांच कर रही है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in