चांद के पास चमका शुक्र

आसमान में दिखा खूबसूरत नजारा
Kolkata
चांद के पास चमका शुक्र
Published on

कोलकाता : गणेश चतुर्थी की रात आसमान में एक बेहद खूबसूरत खगोलीय दृश्य देखने को मिला। सोमवार शाम पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में एक पतले, वक्राकार चंद्रमा के पास चमकीला प्रकाश बिंदु नजर आया।

कोलकाता से लेकर कूचबिहार तक लोगों ने साफ आसमान होने पर इस नजारे को देखा। सोशल मीडिया पर भी चांद के पास दिखाई दे रहे इस चमकीले पिंड की तस्वीरें और चर्चाएं सामने आईं।

दरअसल, चंद्रमा के करीब दिखाई देने वाला चमकीला पिंड कोई तारा नहीं, बल्कि शुक्र ग्रह था। वैज्ञानिकों के अनुसार चंद्रमा और शुक्र का आकाश में एक-दूसरे के करीब दिखाई देना कोई असाधारण खगोलीय घटना नहीं है,

लेकिन देखने में यह दृश्य बेहद आकर्षक जरूर होता है। सोमवार को अमावस्या के बाद चंद्रमा को करीब तीन दिन हुए थे और उसका लगभग 14 प्रतिशत हिस्सा ही दिखाई दे रहा था।

सूर्यास्त के बाद दक्षिण-पश्चिम में दिखा नजारा

सूर्यास्त के बाद उत्तरी गोलार्ध में दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर देखने पर चंद्रमा और शुक्र को एक साथ देखा जा सकता था। यह दृश्य केवल भारत या पश्चिम बंगाल तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दुनिया के कई हिस्सों से दिखाई दिया। दक्षिणी गोलार्ध में भी लोगों को चंद्रमा के पास शुक्र नजर आया।

ग्रहों की एक ही समतल में स्थिति बनी वजह

इंडियन सेंटर फॉर स्पेस फिजिक्स के निदेशक प्रोफेसर संदीप चक्रवर्ती ने बताया कि पृथ्वी, सूर्य और अधिकांश ग्रह लगभग एक ही समतल में स्थित होते हैं। वहीं चंद्रमा सामान्य तौर पर इस समतल से करीब पांच डिग्री ऊपर या नीचे रहता है। सोमवार को चंद्रमा इसी समतल के करीब आया, जिससे वह शुक्र के पास दिखाई दिया।

रोज क्यों नहीं दिखता ऐसा दृश्य?

वैज्ञानिकों के अनुसार अगर चंद्रमा और पृथ्वी की कक्षाओं का समतल बिल्कुल समान होता, तो चंद्रमा अक्सर किसी न किसी ग्रह के बेहद करीब दिखाई देता। लेकिन ऐसा नहीं होता। चंद्रमा की कक्षा का झुकाव अलग होने के कारण ऐसी स्थिति समय-समय पर ही बनती है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in