वनबंधु परिषद कोलकाता चैप्टर का वार्षिक समारोह भव्य रूप से संपन्न

धनोधान्यो ऑडिटोरियम में ‘राजाधिराज यात्रा – कृष्ण लीला आपके द्वार’ की संगीतमय प्रस्तुति ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
Kolkata
वनबंधु परिषद कोलकाताS.KUNDU
Published on: 

कोलकाता : ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक विकास के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से कार्यरत वनबंधु परिषद के कोलकाता चैप्टर का वार्षिक समारोह शनिवार को धनोधान्यो ऑडिटोरियम में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।

समारोह का विशेष आकर्षण नीमट्री एंटरटेनमेंट की ओर से प्रस्तुत भव्य संगीतमय नाट्य मंचन ‘राजाधिराज यात्रा – कृष्ण लीला आपके द्वार’ रहा, जिसने उपस्थित दर्शकों को भक्ति और आध्यात्मिकता के रंग में सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत ॐ के पवित्र उच्चारण के साथ हुई। इसके पश्चात कार्यकर्ताओं और एफटीएस संस्कार गुरुकुल के बच्चों ने राष्ट्रगीत ‘वन्देमातरम्’ की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। समारोह का विधिवत उद्घाटन पहाड़पुर कूलिंग टावर्स लिमिटेड के चेयरमैन श्री विक्रम स्वरूप ने किया।

वनबंधु परिषद कोलकाता चैप्टर के अध्यक्ष श्री महेंद्र कुमार अग्रवाल ने अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का स्वागत करते हुए संस्था की गतिविधियों और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इस दौरान एकल अभियान की विभिन्न योजनाओं, सामाजिक पहलों और उनके प्रभाव को प्रदर्शित करने वाली एक विशेष फिल्म भी दिखाई गई।

समारोह की मुख्य वक्ता एवं वनबंधु परिषद की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती रूपा अग्रवाल ने अपने संबोधन में राष्ट्र निर्माण में एकल अभियान की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और जनजातीय समाज के उत्थान, शिक्षा के विस्तार तथा सामाजिक जागरूकता के लिए संस्था निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने देश के सुदूरवर्ती क्षेत्रों तक विकास की रोशनी पहुंचाने के परिषद के संकल्प को भी दोहराया।

वहीं, मुख्य अतिथि हिमाद्री स्पेशियलिटी केमिकल लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री अनुराग चौधरी ने संस्था की सेवाभावी गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के वंचित और दूरस्थ क्षेत्रों तक शिक्षा एवं विकास की सुविधाएं पहुंचाने का यह प्रयास अत्यंत प्रशंसनीय है। कार्यक्रम का संचालन श्री मनोज कुमार चेतानी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन श्री प्रवीण अग्रवाल ने प्रस्तुत किया।

समारोह में विशेष आकर्षण का केंद्र रही संगीतमय नाट्य प्रस्तुति ‘राजाधिराज यात्रा – कृष्ण लीला आपके द्वार’। इस अनूठे मंचन के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के अलौकिक व्यक्तित्व, उनकी दिव्य लीलाओं, ज्ञान, शक्ति और कृपा का मनोहारी चित्रण किया गया। प्रस्तुति में ब्रज से मेवाड़ और मथुरा से द्वारका तक की श्रीकृष्ण की आध्यात्मिक यात्रा को संगीत, अभिनय और भव्य मंच सज्जा के माध्यम से साकार किया गया।

साथ ही श्रीनाथजी और राजाधिराज द्वारकाधीश के दिव्य स्वरूपों का भी आकर्षक चित्रण हुआ। इस प्रस्तुति ने दर्शकों को भारतीय संस्कृति, भक्ति परंपरा और आध्यात्मिक विरासत से गहराई से जोड़ते हुए एक अविस्मरणीय अनुभव प्रदान किया।

इस आयोजन को वनबंधु परिषद के राष्ट्रीय संरक्षक श्री सज्जन भजनका एवं श्री सजन कुमार बंसल, निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री रमेश कुमार सारावगी तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री रमेश माहेश्वरी का मार्गदर्शन और संरक्षण प्राप्त हुआ।

समारोह को सफल बनाने में कोलकाता चैप्टर के अध्यक्ष महेंद्र कुमार अग्रवाल, कार्याध्यक्ष अनिल कारिवाला, सचिव मनोज कुमार चेतानी, राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव नीरज हाडोदिया, श्रीहरि सत्संग समिति कोलकाता चैप्टर के अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, कार्याध्यक्ष पुरुषोत्तम बेरिवाल, सचिव विकास पोद्दार, उपाध्यक्ष सुभाष मुरारका, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बुलाकी दास मिमानी तथा

वनबंधु परिषद महिला समिति कोलकाता चैप्टर की अध्यक्ष सुधा भट्टड, सचिव नीलम पटवारी और चैप्टर की संगठन मंत्री उर्वसी रस्तोगी सहित अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। महिला समिति और एफटीएस युवा समिति के सदस्यों ने भी पूरे उत्साह और समर्पण के साथ आयोजन में सहभागिता निभाई।

इस वार्षिक समारोह के आयोजन में सेंचुरी प्लाई, ईवेंट, हिमाद्री स्पेशियलिटी केमिकल लिमिटेड, लक्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड, स्किपर लिमिटेड, श्याम स्टील मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड, स्टर्लिंग डिस्टिलर्स प्राइवेट लिमिटेड तथा ग्रीन वैली इंडस्ट्रीज (मैक्ससीमेंट) का विशेष सहयोग रहा।

वनबंधु परिषद की व्यापक सामाजिक एवं शैक्षणिक पहल

उल्लेखनीय है कि वनबंधु परिषद देश के प्रमुख स्वैच्छिक संगठनों में अपना विशिष्ट स्थान रखती है। संगठन की ओर से वर्तमान में देश के दूरदराज के गांवों में 46,114 एकल विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से 12,23,447 विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। देश के 18 राज्यों में 39 चैप्टरों के जरिए परिषद अपनी गतिविधियों का विस्तार कर रही है।

शहरी क्षेत्रों में बच्चों को भारतीय संस्कृति, संस्कार, नैतिक मूल्यों और परंपराओं से परिचित कराने के लिए एफटीएस संस्कार गुरुकुल परियोजना संचालित की जा रही है। इसके साथ ही श्रीहरि सत्संग समिति के माध्यम से देशभर में संस्कार शिक्षा ग्राम और श्रीहरि मंदिर रथ जैसी पहलों द्वारा आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक जागरूकता और मूल्यपरक शिक्षा का प्रसार किया जा रहा है।

शिक्षा के प्रसार से लेकर चरित्र निर्माण और सांस्कृतिक चेतना के संवर्धन तक, परिषद की ये सभी गतिविधियां समाज के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। संस्था का उद्देश्य केवल शिक्षा उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हुए एक सशक्त, संस्कारित एवं जागरूक समाज का निर्माण करना भी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News