

कोलकाता : डॉ. भीमराव अंबेडकर के साथ वीर सावरकर की तस्वीर लगाई जाने को लेकर कोलकाता नगर निगम (KMC) में विवाद खड़ा हो गया है। विवाद के बीच मंगलवार को लगाई गईं तस्वीरें बुधवार सुबह दीवारों से गायब मिलीं। आनन-फानन में तस्वीरें हटाई जाने के बाद सवाल उठने लगे हैं कि क्या राजनीतिक विरोध और विवाद के कारण निगम प्रशासन को यह कदम उठाना पड़ा? दरअसल, कोलकाता नगर निगम के पार्षद क्लब रूम में अब तक दिवंगत पार्षदों और मेयर परिषद के सदस्यों की तस्वीरें लगी रहती थीं। मंगलवार को इसी स्थान पर वीर सावरकर, श्यामा प्रसाद मुखर्जी समेत कई अन्य महापुरुषों की तस्वीरें लगा दी गईं। इनमें डॉ. भीमराव अंबेडकर के साथ सावरकर की तस्वीर लगाई जाने पर विवाद शुरू हो गया। इस फैसले पर विपक्षी दलों ने सवाल उठाए। उनका कहना है कि जिन महापुरुषों की तस्वीरें लगाई गई हैं, उनका कोलकाता नगर निगम से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं रहा है। ऐसे में पार्षद क्लब रूम में उनकी तस्वीरें लगाने का औचित्य क्या है? वहीं, तृणमूल कांग्रेस के पूर्व पार्षद वैश्वानर चट्टोपाध्याय ने भी इस पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के बीच सावरकर की तस्वीर नहीं लगनी चाहिए। उनके इस बयान के बाद तस्वीरों को लेकर जारी विवाद ने और तूल पकड़ लिया। गौरतलब है कि मंगलवार को तस्वीरें लगाने के बाद एक बार उन्हें हटा भी दिया गया था। हालांकि, बाद में दोबारा तस्वीरें लगा दी गईं। लेकिन बुधवार की सुबह जब लोग पार्षद क्लब रूम पहुंचे, तो दीवारों से सभी तस्वीरें गायब थीं। महज 24 घंटे के भीतर तस्वीरें लगाने और फिर हटाने की इस पूरी कवायद ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, कोलकाता नगर निगम प्रशासन की ओर से सफाई दी गई है कि इन तस्वीरों को बड़े आकार में तैयार कराया जा रहा है। बाद में इन्हें कोलकाता नगर निगम की इमारत के भीतर अलग-अलग स्थानों पर लगाया जाएगा। लेकिन प्रशासन की इस सफाई के बावजूद विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। सवाल यह है कि आखिर मंगलवार को इतनी जल्दबाजी में तस्वीरें लगाने की जरूरत क्यों पड़ी? दिवंगत पार्षदों और मेयर परिषद के सदस्यों की तस्वीरें हटाकर महापुरुषों की तस्वीरें लगाने का फैसला किस आधार पर लिया गया? जिनका निगम से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है, उनकी तस्वीरें निगम परिसर में लगाने की आवश्यकता क्यों महसूस हुई? फिलहाल, तस्वीरें लगाई जाने और 24 घंटे के भीतर उनके गायब होने का मामला KMC में चर्चा का विषय बना हुआ है।