

हुगली : हुगली जिले के उत्तरपाड़ा स्टेशन के पास एक हृदयविदारक हादसे में पिकनिक से लौट रही एक शिक्षिका की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतका की पहचान सर्बजीत कौर (32) के रूप में हुई है। वह श्रीरामपुर की निवासी थीं और इलाके के एक निजी स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सर्बजीत कौर चंदननगर स्थित न्यूदीघा उद्यान में अन्य शिक्षिकाओं के साथ पिकनिक मनाने गई थीं। पिकनिक समाप्त होने के बाद सभी शिक्षिकाएं शाम के समय ट्रेन से लौट रही थीं। उत्तरपाड़ा स्टेशन पर उतरने के बाद सर्बजीत अपने घर जाने के लिए रेलवे लाइन पार कर रही थीं। उसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय स्टेशन के पास तीन रेलवे लाइनों पर एक साथ ट्रेनें गुजर रही थीं। सर्बजीत कौर पहली लाइन पार कर चुकी थीं और दूसरी लाइन पार करने का प्रयास कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक ट्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और आरपीएफ मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रेलवे गेट पर आरपीएफ को तैनात किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। सर्बजीत की सहकर्मी शिक्षिका शाश्वती शेठ ने बताया, “हम सभी पिकनिक से लौट रहे थे। सर्बजीत उत्तरपाड़ा में पढ़ाती थीं, इसलिए स्टेशन पर उतरकर रेल लाइन पार कर रही थीं। तभी अचानक ट्रेन आ गई और यह हादसा हो गया।” रेलवे पुलिस ने बताया कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद लोग रेलवे लाइन पार करते हैं, जिससे इस तरह की दुर्घटनाएं होती हैं। रेलवे अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और केवल निर्धारित फुटओवर ब्रिज या अंडरपास का ही उपयोग करें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।