कोलकाता : पश्चिम बंगाल स्कूल सेवा आयोग (एसएससी) ने उच्च प्राथमिक शिक्षक भर्ती के लिए काउंसिलिंग का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार, काउंसिलिंग प्रक्रिया 21 जुलाई से विधाननगर स्थित आचार्य सदन में शुरू होगी। सभी अभ्यर्थियों को सुबह 10:30 बजे तक रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा।
यह भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2016 की चयन प्रक्रिया से संबंधित है। विभिन्न कानूनी जटिलताओं के कारण काउंसिलिंग की शुरुआत अक्टूबर 2024 में हुई थी। इसके बाद कलकत्ता हाईकोर्ट के निर्देश पर अगस्त 2025 तक आठ चरणों में काउंसिलिंग आयोजित की गई, लेकिन सभी रिक्त पदों पर नियुक्ति नहीं हो सकी। अब हाईकोर्ट के निर्देशानुसार शेष 1,177 रिक्त पदों के लिए फिर से काउंसिलिंग कराई जाएगी। इससे पहले 12,723 अभ्यर्थियों की नियुक्ति हो चुकी है, जबकि 64 पद अब भी रिक्त रह जाएंगे।
आयोग ने बुधवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए बताया कि काउंसिलिंग से जुड़े विस्तृत दिशा-निर्देश, विषयवार कार्यक्रम और रिक्तियों की सूची 17 जुलाई को उसकी आधिकारिक वेबसाइट www.westbengalssc.com पर उपलब्ध करा दी जाएगी। पात्र अभ्यर्थी उसी दिन से अपनी काउंसिलिंग इंटिमेशन लेटर भी वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे।
लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह घोषणा बड़ी राहत मानी जा रही है। आयोग का कहना है कि हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए शेष रिक्तियों को जल्द भरने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिससे वर्षों से लंबित भर्ती प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच सके।