
कोलकाता : मोचीपाड़ा थानांतर्गत सेर्पेंटाइन लेन इलाके में बुधवार की शाम एक वृद्धा का शव बरामद किया गया है। मृतका का नाम नमिता पॉल (76) है। जानकारी के मुताबिक बुधवार की शाम करीब 6 बजे पुलिस को स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि वृद्धा अपने घर के अंदर अचेत अवस्था में पड़ी है। घटना की सूचना मिलते ही मोचीपाड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। पुलिस ने महिला को कमरे के दरवाजे के सामने जमीन पर पड़ा पाया। महिला के गले में गंभीर चोट का निशान पाया गया है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि नमिता पॉल अपने घर में अकेली रहती थी। उसके पति और दो पुत्रों की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। वृद्धा के घर के बगल में ही उनका भतीजा रहता है। मंगलवार रात उसके भतीजे ने करीब 9.30 बजे उन्हें खाना दिया था। बुधवार की सुबह जब भतीजा उन्हें देखने आया तो पाया कि घर का दरवाजा बाहर से बंद है। पहले तो उसे कुछ संदेह नहीं हुआ। लेकिन शाम करीब 5.30 बजे एक पड़ोसी ने घर के पास से गुजरते हुए वृद्धा को फर्श पर पड़ा देखा और फौरन भतीजे को सूचित किया। पुलिस वृद्धा को तुरंत कोलकाता मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गयी, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार वृद्धा के गले में रस्सी के दबाव के निशान पाए गए हैं। प्राथमिक जांच में पुलिस का अनुसान है कि वृद्धा की हत्या की गई है। मृतका के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।