केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने घुसपैठ के मुद्दे पर पश्चिम बंगाल सरकार पर निशाना साधा

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान
Published on

कोलकाता : केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में घुसपैठ एक गंभीर मुद्दा बन गई है और राज्य को घुसपैठियों के हवाले किया जा रहा है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने यहां भाजपा के शिक्षक प्रकोष्ठ के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्र की ‘पूर्वोदय’ विकास विजन का भी जिक्र किया और कहा कि भारत की समग्र प्रगति पूर्वी राज्यों के उत्थान पर निर्भर करती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस दृष्टिकोण को सामने रखने का श्रेय देते हुए उन्होंने कहा, “कोलकाता पूर्वोदय की राजधानी है। पूर्व के विकास की पहली किरण कोलकाता से आनी चाहिए।” प्रधान ने आरोप लगाते हुए कहा, “यह राज्य सरकार बंगाल को घुसपैठियों के हवाले करने और एक बार फिर ‘बंग भंग’ जैसी स्थिति को आमंत्रित करने की योजना बना रही है। मेरा राज्य ओडिशा भी इससे प्रभावित हुआ है।” उन्होंने दावा किया कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है, जबकि गरीबी “देश को नुकसान पहुंचा रही है।” तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए प्रधान ने “सत्ता परिवर्तन” का अनुरोध किया और आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने प्रशासन को भ्रष्टाचार और घुसपैठ के हवाले कर दिया है। उन्होंने कहा, “बंगाल में इस भ्रष्ट सरकार को हटाने के लिए सत्ता परिवर्तन का समय आ गया है।” उन्होंने लोगों से भाजपा के नेतृत्व वाली “डबल इंजन सरकार” बनाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बजट की भी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि यह “आम जनता से अधिक घुसपैठियों और मदरसों के लिए” है। इस बीच, इसी कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यदि पार्टी सत्ता में आती है तो वह राज्य के कर्मचारियों की प्रमुख मांगों को पूरा करेगी, जिनमें लंबित महंगाई भत्ते (डीए) का भुगतान, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों का क्रियान्वयन और आठवें वेतन आयोग का गठन शामिल है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in