एमडीएमए के साथ थाईलैंड की दो महिलाएं गिरफ्तार

टूरिस्ट वीजा पर बैंकॉक से आई थीं आरोपी महिलाएं, भवानीपुर के होटल से 20 ग्राम विदेशी ड्रग्स बरामद
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : रेव पार्टियों में इस्तेमाल होने वाले खतरनाक विदेशी ड्रग्स एमडीएमए की तस्करी की कोशिश को कोलकाता पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने नाकाम कर दिया। एसटीएफ ने बैंकॉक से आईं दो थाई महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 20 ग्राम एमडीएमए बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, टैबलेट के रूप में एमडीएमए को आमतौर पर ‘एक्स्टसी’ और दाने के रूप में ‘मॉली’ कहा जाता है। इस ड्रग्स का इस्तेमाल अक्सर रेव पार्टियों में किया जाता है। एसटीएफ सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सुपावाड़ी सुकुलियत और सुथुवाना कुट के रूप में हुई है। दोनों बैंकॉक की रहने वाली हैं और कथित तौर पर टूरिस्ट वीजा पर विमान से कोलकाता पहुंची थीं।

जांच में पता चला है कि दोनों महिलाएं मंगलवार की सुबह कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचने के बाद दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर इलाके में एक होटल में ठहरने वाली थीं। एसटीएफ को गुप्त सूचना मिलने के बाद होटल में छापेमारी की गई और तलाशी के दौरान उनके पास से 20 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार बरामद ड्रग्स की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में काफी अधिक है।

विदेशी ड्रग्स नेटवर्क पर एसटीएफ की नजर

एसटीएफ अधिकारियों को पिछले कुछ समय से सूचना मिल रही थी कि बैंकॉक और थाईलैंड के कुछ शहरों से विदेशी ड्रग्स की तस्करी कोलकाता में की जा रही है। जांच में सामने आया है कि शहर में कुछ युवक-युवतियों के बीच एमडीएमए, एलएसडी और कोकीन जैसी विदेशी ड्रग्स की मांग बढ़ी है, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर वीकेंड रेव पार्टियों में किया जाता है। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क के पीछे कोलकाता के कुछ स्थानीय एजेंट भी सक्रिय हैं, जो विदेशी तस्करों से संपर्क कर ड्रग्स मंगवाते हैं। पूछताछ में दोनों गिरफ्तार महिलाओं ने कथित तौर पर बताया कि उन्हें ड्रग्स छिपाकर ले जाने की ट्रेनिंग दी गई थी। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या वे पहले भी कोलकाता या देश के अन्य शहरों में विदेशी ड्रग्स की तस्करी कर चुकी हैं। जांच अधिकारी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि कोलकाता में किन लोगों को ड्रग्स की सप्लाई की जानी थी और इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं। मंगलवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान मुख्य सरकारी अधिवक्ता देबाशीष मलिक ने पुलिस हिरासत की मांग की। अदालत ने दोनों महिलाओं को 31 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। एसटीएफ अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर कोलकाता में सक्रिय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क और स्थानीय एजेंटों का पता लगाने में जुटी है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in