

कोलकाता : रविवार तड़के दक्षिण कोलकाता के ठाकुरपुकुर इलाके में हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीसरे वर्ष के दो मेडिकल छात्रों की मौत हो गई। दोनों छात्र देर रात चाय और नाश्ता करने के लिए मोटरसाइकिल से निकले थे। हादसा उस समय हुआ जब उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया, सामने आ रही एक अन्य बाइक से टकराने के बाद वे सड़क पर गिर गये और पीछे से आ रहे एक तेज़ रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। यह दुर्घटना सुबह करीब 3.30 बजे ठाकुरपुकुर थानांतर्गत जेम्स लॉन्ग सरनी और पूर्व पाड़ा रोड क्रॉसिंग पर हुई। मृतकों की पहचान आनंद प्रियदर्शी (23) और मोहम्मद फैयाज जमान मल्लिक (23) के रूप में हुई है। दोनों जोका स्थित ईएसआई मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के तृतीय वर्ष के छात्र थे। प्रियदर्शी मोटरसाइकिल चला रहे थे, जबकि मल्लिक पीछे बैठे थे।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, प्रियदर्शी मूल रूप से पटना के निवासी थे और हाल ही में खरीदी गई 400 सीसी रोडस्टर बाइक चला रहे थे। मल्लिक दक्षिण 24 परगना के भांगर के रहने वाले थे। हादसे के समय दोनों ने हेलमेट पहने हुए थे, लेकिन टक्कर इतनी भयावह थी कि हेलमेट निकल गए और दोनों के सिर गंभीर रूप से कुचल गया जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि कम से कम छह जूनियर डॉक्टर जोका कैंपस से तीन मोटरसाइकिलों पर देर रात घूमने और बेहाला चौरास्ता के पास एक दुकान पर चाय-नाश्ता करने निकले थे। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, पीड़ितों के आगे चल रही बाइक अचानक रुक गई और संभवतः दाहिनी ओर मुड़ने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान मेडिकल छात्रों की बाइक उससे टकरा गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े। गिरते ही पीछे से तेज़ रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जिससे दोनों छात्र सड़क पर खून से लथपथ पड़े रहे। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें तुरंत जोका स्थित ईएसआई अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है
जेम्स लॉन्ग सरणी का यह इलाका सुबह के समय मालवाहक वाहनों की भारी आवाजाही के लिए जाना जाता है। ठाकुरपुकुर थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह जांच की जा रही है कि हादसा तेज़ रफ्तार, सड़क की खराब हालत या किसी अज्ञात वाहन की लापरवाही के कारण हुआ। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। एक अधिकारी ने कहा, “हम ट्रक की पहचान करने और चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश कर रहे हैं।” पोस्टमार्टम के बाद दोनों छात्रों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए। प्रियदर्शी टॉलीगंज के पंचान्नतल्ला इलाके में किराए के फ्लैट में रहते थे, जबकि मल्लिक सॉल्ट लेक में रहते थे। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, प्रियदर्शी का शव उनके परिजनों द्वारा पटना भेज दिया गया है। इस हादसे से ईएसआई मेडिकल कॉलेज परिसर में शोक की लहर है। छात्र और शिक्षक दोनों ही दो होनहार युवाओं की असमय मौत से स्तब्ध हैं। कॉलेज के एक तृतीय वर्ष के छात्र ने कहा, ‘दोनों जिगरी दोस्त थे और अक्सर साथ बाहर निकलते थे। प्रियदर्शी एक सुरक्षित राइडर था। पुलिस को हादसे की पूरी जांच करनी चाहिए और तेज़ रफ्तार ट्रक चलाने वाले चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।’