खुद ऑर्डर किये 7 लाख के सोने के सिक्के, फिर खुद ही चुराये

लेक थाना इलाके की घटना, इंजीनियरिंग के दो छात्र गिरफ्तार
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : खुद पिता से 7 लाख रुपये लेकर ऑनलाइन सोने के सिक्के ऑर्डर किये, फिर डिलीवरी देने आए कूरियर कर्मचारी का पीछा कर उसका बैग लूट लिया और उसी सोने को ‘चोरी हुआ’ बताकर कूरियर कंपनी से 7 लाख रुपये की फिरौती मांगने लगे। इस अनोखी लेकिन आपराधिक साजिश को अंजाम देने वाले कोई और नहीं, गड़ियाहाट इलाके के एक प्रतिष्ठित व्यवसायी के दो इंजीनियरिंग पढ़ रहे बेटे थे। आखिरकार सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की मदद से लेक थाना पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, दोनों भाइयों ने अपने पिता से सात लाख रुपये लिये और एक ऑनलाइन ज्वेलरी पोर्टल से सोने के सिक्के खरीदे। डिलीवरी की जिम्मेदारी जिस कूरियर कंपनी को मिली, उसी को दोनों ने अपना शिकार बनाया। पहले तो उन्होंने अपनी गाड़ी की नंबर प्लेट बदल दी। फिर कूरियर कर्मचारी का पीछा शुरू किया।

लेक इलाके में एक इमारत के नीचे कूरियर कर्मचारी ने साइकिल और बैग रखकर ऊपर पार्सल देने चला गया। इसी मौके का फायदा उठाकर दोनों भाइयों ने बैग उठाया और गाड़ी से फरार हो गए। बैग में वही सात लाख रुपये के सोने के सिक्के थे, जिनका ऑर्डर उन्होंने खुद दिया था।

इसके बाद तो दोनों ने दूसरा दांव खेला। कूरियर कंपनी को फोन करके कहा कि उनके सोने के सिक्के चोरी हो गये हैं और सात लाख रुपये वापस चाहिए। कंपनी ने लेक थाने में शिकायत दर्ज करायी। पुलिस को सबसे पहले शक इसी बात पर हुआ कि चोरी की खबर थाने में दर्ज होने के तुरंत बाद ये दोनों भाई कंपनी से पैसे कैसे मांगने लगे? सीसीटीवी फुटेज में गाड़ी की नंबर प्लेट तो फर्जी थी, लेकिन गाड़ी की बनावट और दोनों युवकों की चाल-ढाल देखकर पुलिस को संदेह हुआ। मोबाइल लोकेशन से पुष्टि हो गई कि वारदात के वक्त दोनों घटनास्थल पर मौजूद थे। गुरुवार देर रात बालीगंज फ्लाईओवर इलाके में छापा मारकर पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। उनके घर पर तलाशी ली गई तो लूटे हुए सात लाख रुपये के सोने के सिक्के बरामद हो गये। साथ ही पांच आईफोन भी मिले। शुक्रवार को दोनों को अलीपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें जमानत दे दी।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in