

कोलकाता : उत्तर 24 परगना के बनगांव सीमांत इलाके से बंगाल एसटीएफ ने बांग्लादेश के दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम राहुल उर्फ फैसल करीम मसूद (37) एवं आलमगीर हुसैन (34) हैं। दोनों बांग्लादेश के रहने वाले हैं। दोनों पर बांग्लादेश में हत्या और रंगदारी जैसे गंभीर अपराध करने के बाद भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने का आरोप है। आरोप है कि अभियुक्तों ने ढाका में बांग्लादेश के छात्र नेता उस्मान हादी की हत्या की थी और उसके बाद भारत भाग आए थे।
क्या है पूरा मामला
बंगाल एसटीएफ के अनुसार, गुप्त और विश्वसनीय सूचना मिली थी कि बांग्लादेश के दो अपराधी अपने देश में हत्या और अन्य गंभीर अपराध करने के बाद भारत में अवैध रूप से प्रवेश कर चुके हैं और बनगांव के सीमावर्ती इलाके में छिपे हुए हैं। जानकारी यह भी मिली थी कि मौका मिलते ही वे फिर से सीमा पार कर बांग्लादेश लौटने की कोशिश कर रहे थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने 7 और 8 मार्च 2026 की दरम्यानी रात बनगांव क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान दो बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राहुल उर्फ फैसल करीम मसूद (37) और आलमगीर हुसैन (34) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने खुलासा किया कि राहुल उर्फ फैसल करीम मसूद और आलमगीर हुसैन ने मिलकर बांग्लादेश के छात्र नेता उस्मान हादी की हत्या की थी। हत्या के बाद दोनों बांग्लादेश से फरार होकर मेघालय सीमा के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए और देश के विभिन्न स्थानों से होते हुए अंततः पश्चिम बंगाल के बनगांव इलाके में पहुंच गए। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी दोबारा बांग्लादेश भागने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें पकड़ लिया गया। इस संबंध में एक विशेष मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को आज संबंधित अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।