

कोलकाता : शहर के दो अलग-अलग इलाकों में नाबालिग बच्चियों के यौन उत्पीड़न के गंभीर मामले सामने आए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मामलों के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में एक पीड़ित बच्ची का सगा पिता है, जबकि दूसरा आरोपी ममेरा भाई है। पुलिस ने दोनों मामलों में पॉक्सो कानून के तहत मामला दर्ज किया है।
पहली घटना पूर्वी कोलकाता के तिलजला इलाके की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित 11 वर्षीय बच्ची के माता-पिता के बीच तलाक का विवाद चल रहा है। आरोप है कि पारिवारिक कलह के बीच ही पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी का यौन उत्पीड़न किया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर तिलजला थाना पुलिस ने आरोपी पिता को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
दूसरी घटना दक्षिण कोलकाता के जादवपुर इलाके की है। यहां एक नाबालिग लड़की ने अपने ममेरे भाई पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया। पीड़िता ने इस बात की जानकारी अपने परिवार के सदस्यों को दी, जिसके बाद परिजनों ने जादवपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों पर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। दोनों घटनाओं में शिकायत मिलते ही बिना किसी देरी के आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है और मामलों की विस्तृत जांच जारी है।