

कोलकाता : महानगर के दो अलग-अलग इलाकों में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले सामने आए हैं। पहला मामला आनंदपुर थाना क्षेत्र का है, जहाँ एक युवती को गेमिंग ऐप पर चर्चा के बहाने होटल बुलाकर दुष्कर्म किया गया। वहीं, बांसद्रोणी में शादी का झांसा देकर एक युवती को गर्भवती करने और उससे लाखों रुपये ठगने का आरोप लगा है। गेमिंग ऐप पर पहचान के बाद होटल में दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार पुलिस के अनुसार, आनंदपुर की पीड़िता की करीब दो साल पहले एक ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए दीपक राय नामक युवक से पहचान हुई थी। दोनों एक ही ग्रुप में गेम खेलते थे और बाद में फोन पर बातचीत करने लगे। हाल ही में दीपक ने युवती को गेम के विषय में बातचीत करने के लिए आनंदपुर बुलाया और एक होटल के कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता की तबीयत बिगड़ने पर उसने आनंदपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन की मदद से साल्टलेक के निवासी आरोपी दीपक राय को गिरफ्तार कर लिया है। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, 5 लाख रुपये और आईफोन ठगा दूसरी घटना बांसद्रोणी की है। पीड़िता की शिकायत के अनुसार, उसके प्रेमी ने शादी का वादा कर उसे कई बार अपने घर बुलाया और शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह चार महीने की गर्भवती हो गई। रिश्ते के दौरान युवती ने अपने प्रेमी को एक आईफोन और 5 लाख रुपये नकद भी दिए थे। गर्भवती होने की जानकारी देने पर युवक ने युवती से दूरी बना ली और उसकी कोई जिम्मेदारी लेने से मना कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर बांसद्रोणी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।