कागज चुनने के बहाने लाखों के कैमरे और फ्लैश उड़ाने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार

जादवपुर थाना इलाके की घटना
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कागज बीनने वाले के भेष में दक्षिण कोलकाता के एक नामी स्टूडियो से लाखों रुपये के महंगे कैमरे, फ्लैश लाइट और अन्य उपकरण चुराने वाले दो शातिर चोर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। चोरी तो आसानी से हो गई, लेकिन इन कीमती और तकनीकी उपकरणों को कहां और कितने में बेचा जाए, इसकी जानकारी न होना ही दोनों की सबसे बड़ी भूल साबित हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कयूम शेख और लुटफार शेख के रूप में हुई है, जो दक्षिण 24 परगना के घुटियारी शरीफ स्थित मखालताला के निवासी हैं।

दिन में रेकी, रात में वारदात

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपी रोजाना सुबह कंधे पर झोला टांगकर ट्रेन से कोलकाता आते थे। वे गरिया से बालीगंज के बीच किसी भी स्टेशन पर उतरकर कागज बीनने का नाटक करते हुए दुकानों और मकानों की रेकी करते थे। इसी दौरान उनकी नजर जादवपुर के एक स्टूडियो पर पड़ी। दिन के समय बाहर से ही अंदर रखे महंगे उपकरणों की रेकी करने के बाद, उन्होंने देर रात स्टूडियो के पिछले दरवाजे का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। दोनों आरोपी कैमरे, फ्लैश लाइट, स्टैंड और ट्राइपॉड बोरी में भरकर भोर की ट्रेन से वापस घुटियारी शरीफ भाग निकले।

ऐसे बिछाया गया जाल

घटना के बाद स्टूडियो मालिक ने जादवपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए लालबाजार डिटेक्टिव डिपार्टमेंट ने जांच संभाली। सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्धों की पहचान की गई। दूसरी ओर, आरोपी चुराए गए सामान की कीमत और खरीदार को लेकर उलझन में थे। जब उन्होंने इन महंगे कैमरों को औने-पौने दामों में बेचने के लिए खरीदारों की तलाश शुरू की, तो इसकी भनक लालबाजार के जासूसों को लग गई। पुलिस ने घुटियारी शरीफ में जाल बिछाया और सस्ते में कैमरे बेचने आए कयूम और लुटफार को रंगे हाथों दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के ठिकाने पर छापेमारी कर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया है। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे पहले भी इस तरह की वारदात में शामिल रहे हैं या नहीं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in