

कोलकाता : चेतला थाना पुलिस ने सड़क किनारे से इलेक्ट्रिक स्कूटी चोरी करने के मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई रेड कलर की ' ई-स्कूटी भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार पश्चिम पुटियारी निवासी हिमांक घोष (61) के नाम पर पंजीकृत ई-स्कूटी 16 अगस्त 2026 को तड़के 2:30 बजे से 5:10 बजे के बीच चेतला थाना क्षेत्र के राखाल दास ऑडी रोड पर बिना लॉक किए पार्क किया गया था, जहां से अज्ञात चोर इसे लेकर फरार हो गए।
CCTV फुटेज और गुप्त सूचना से मिला सुराग
घटना के संबंध में चेतला थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रात लगभग 10:25 बजे गार्डनरीच क्षेत्र के सरदारपाड़ा विलेज रोड से पहले आरोपी मोहम्मद शब्बीर अली (23) उर्फ सोहेल को उसके घर के पास से गिरफ्तार किया।
पूछताछ के बाद दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार
कड़ाई से पूछताछ करने पर शब्बीर ने अपने साथी मोहम्मद कलीम (27) की संलिप्तता का खुलासा किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रात 10:35 बजे दूसरे आरोपी मोहम्मद कलीम को भी उसके आवास के पास से दबोच लिया। दोनों आरोपियों के बयान के आधार पर चोरी की गई ई-स्कूटी बरामद कर ली गई है।