बुजुर्ग महिला को बेहोश कर 50 लाख के हीरे के गहने उड़ाए

पार्क स्ट्रीट थाना इलाके की घटना, केयरगिवर सहित दो गिरफ्तार
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : महानगर के पॉश इलाके पार्क स्ट्रीट में एक घर की मालकिन को बेहोश कर 50 लाख रुपये मूल्य के गहनों पर हाथ साफ करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। घर की बुजुर्ग महिला की देखरेख के लिए रखी गई केयरगिवर ही चोर निकली। आरोप है कि अभियुक्त महिला ने बड़ी ही चालाकी से बुजुर्ग महिला के करीब 50 लाख रुपये मूल्य के हीरे के असली आभूषणों को नकली आभूषणों से बदल दिया और फरार हो गई। अभियुक्तों के नाम सुष्मिता सरदार और सोहेल रफीक हैं। दोनों को अदालत में पेश करने पर उन्हें 12 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, यह घटना 5 जुलाई 2026 की सुबह करीब 7:00 बजे की है। शिकायतकर्ता की बुजुर्ग मां की देखभाल के लिए घर पर एक केयरगिवर नियुक्त थी। घटना के वक्त घर के सभी सदस्य सो रहे थे, जिसका फायदा उठाकर आरोपी केयरगिवर ने बुजुर्ग महिला द्वारा पहने जाने वाले हीरे के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। आरोपी ने करीब 50 लाख रुपये की कीमत के हीरे के कंगन, एक जोड़ी कान के स्टड्स और हीरे की एक नाक की कील चुरा ली। चोरी का किसी को तुरंत शक न हो, इसके लिए उसने असली आभूषणों की जगह हूबहू दिखने वाले नकली आभूषण रख दिए। इसके अलावा, आरोपी महिला ने बुजुर्ग का एक पर्स भी चुरा लिया, जिसमें 1,000 रुपये की नकदी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह घर में बिना किसी को बताए चुपके से फरार हो गई। सुबह जब घर के लोग जागे तो उन्हें इस बड़ी चोरी का पता चला, जिसके बाद तुरंत पार्क स्ट्रीट थाने को सूचित किया गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है और फरार केयरगिवर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in