

कोलकाता : अम्हर्स्ट स्ट्रीट थाना क्षेत्र में संचालित एक ऑनलाइन जुए के अड्डे का कोलकाता पुलिस की लालबाजार गुंडा दमन शाखा ने भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर कैलाश बोस स्ट्रीट स्थित एक ठिकाने पर छापेमारी कर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाप्पा घोष और अजय जायसवाल के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपी एक कमरे से गुप्त रूप से ऑनलाइन जुए का नेटवर्क संचालित कर रहे थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 3,900 रुपये की बोर्ड मनी (नकद) बरामद की। इसके अलावा एक लैपटॉप और एक कंप्यूटर भी जब्त किया गया है, जिनका इस्तेमाल कथित रूप से इस अवैध कारोबार के संचालन में किया जा रहा था। मंगलवार को दोनों आरोपियों को बैंकशाल अदालत में पेश किया गया। मामले की जांच को आगे बढ़ाने तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के उद्देश्य से अदालत ने दोनों आरोपियों को 27 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ऑनलाइन जुए के इस नेटवर्क में और किन-किन लोगों की संलिप्तता है।