

कोलकाता: इंटाली थानांतर्गत मालीपाड़ा इलाके में एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम पिंकू दास उर्फ ‘डकैत छोटू’ (40) और दीपक दास उर्फ ‘नेटो’ (44) हैं। कोलकाता पुलिस के एआरएस के इंस्पेक्टर शुभोजीत बनर्जी और इंटाली थाना के एसआई फहाद सोहेल व अजय चौरसिया की टीम ने दोनों अभियुक्तों को कृष्णनगर पुलिस जिले के नबद्वीप से गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पहले जब इंटाली इलाके का कुख्यात अपराधी तपन नस्कर क्षेत्र में वापस लौटा था, तभी दीपक दास उर्फ 'नेटो' एवं उसके साथियों ने पुरानी रंजिश के कारण उसे घेर लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान अभियुक्तों ने तपन पर धारदार हथियार से अनगिनत वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद सभी अभियुक्त फरार हो गए थे। पुलिस जांच में पता चला है कि मृतक तपन नस्कर खुद एक कुख्यात अपराधी था और उसके खिलाफ 18 आपराधिक मामले दर्ज थे। वहीं, उसकी हत्या करने वाले अभियुक्तों का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर इंटाली थाने की पुलिस और डीडी (DD) की टीम ने पहले आनंदपुर के उत्तर पंचान्न ग्राम निवासी पिंकू दास को हिरासत में लिया। उससे हुई गहन पूछताछ के बाद पुलिस को दूसरे फरार आरोपी दीपक दास के ठिकाने का पता चला।
खेतों में छापेमारी कर दबोचे गए अभियुक्त
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पिंकू दास से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने नबद्वीप थाना क्षेत्र के प्राचीन मायापुर स्थित रानीर चर (जज घाट के पास) के एक कृषि क्षेत्र में छापेमारी की। दोपहर करीब 1:15 बजे पुलिस ने पोटारी रोड निवासी दीपक दास को दबोच लिया। इसके तुरंत बाद दोपहर 2:05 बजे पिंकू दास को भी औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। ये दोनों ही मामले में नामजद आरोपी हैं। पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों की सघन तलाशी ली है, हालांकि अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार अब तक बरामद नहीं हो सका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी ताकि हथियार बरामद किए जा सकें। पकड़े गए दोनों आरोपियों को शनिवार को सियालदह स्थित एसीजेएम (ACJM) कोर्ट में पेश किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की अन्य कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।