

कोलकाता : महानगर में लोगों को डिजिटल अरेस्ट कर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले दो साइबर ठगों को कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम देवतनु सरकार और सौरभ विश्वास हैं। दोनों को नदिया के हांसखाली से पकड़ा गया है। अभियुक्तों के पास से दो मोबाइल, 8 बैंक पासबुक, 6 एटीएम कार्ड, 3800 यूएस डॉलर वाला क्रिप्टो वॉलेट सहित अन्य दस्तावेज जब्त किया गया है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार चार महीने पहले, जालसाजों ने कोलकाता के नेताजीनगर के रहने वाले एक वृद्ध को डिजिटल अरेस्ट कर 1.79 करोड़ रुपये की ठगी की थी। इस घटना के बाद पिछले साल सितंबर में नेताजीनगर पुलिस स्टेशन में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस घटना में दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस को पहले ही गुप्त सूत्रों से पता चल गया था कि आरोपित नदिया में हैं। इस जानकारी के आधार पर कोलकाता पुलिस की एक टीम ने बुधवार की रात नदिया के हांसखली थाना इलाके में छापा मारा। इस ऑपरेशन में रात करीब 8.30 बजे दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों के पास से एक ‘हार्डवेयर वॉलेट’ भी जब्त किया गया। यह डिवाइस, जो पेन ड्राइव जैसा दिखता है, क्रिप्टो करेंसी पासवर्ड स्टोर कर सकता है। वॉलेट में मौजूद 3800 यूएस डॉलर की क्रिप्टो करेंसी भी जब्त की गई। कई संदिग्ध डॉक्यूमेंट्स भी मिले हैं। पुलिस ने गिरफ्तार लोगों के खिलाफ आईटी और बीएनएस धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।