नकद के बदले यूपीआई करने के नाम पर लोगों से करते थे ठगी

तिलजला थाना इलाके की घटना, दो गिरफ्तार
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : महानगर में एटीएम से रुपये की निकासी करने वाले लोगों को यूपीआई पेमेंट के नाम पर जाल में फंसाकर ठगी करने वाले गिरोह का कोलकाता पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। तिलजला थाने की पुलिस ने मामले में दो जालासजों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम मो.नूरान और फैजान खान हैं। दोनों हावड़ा के शिवपुर के रहनेवाले हैं।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार कुछ दिनों पहले तिलजला थाने में दो अलग-अलग लोगों ने अपने साथ हुई ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। तिलजला के मस्जिद बाड़ी लेन के रहनेवाले शकीब अहमद ने अपनी शिकायत में बताया कि गत मंगलवार को जब वह तिलजला रोड स्थित एटीएम से 55 हजार रुपये की निकासी कर घर लौट रहा था तभी एटीएम के बाहर खड़े दो युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि अभियुक्तों ने उससे कहा कि उनका एटीएण कार्ड काम नहीं कर रहा है। उन्हें नकद रुपये की सख्त जरूरत है। उन्होंने व्यक्ति से कई बार विनती की और कहा कि वे लोग नकद के बदले उसे यूपीआई पेमेंट कर देंगे। जालसाजों की बातों में आकर पीड़ित ने नकद रुपये दे दिये और जालसाजों ने उन्हें ऑनलाइन यूपीआई ट्रांसफर का मैसेज भेज दिया। घर जाकर जब व्यक्ति ने उक्त मैसेज की जांच की तो फर्जी निकला। इसी तरीके से एक और व्यक्ति से जालसाजों ने 25 हजार रुपये ठग लिये थे। मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। एटीएम और आसपास के सीसीटीवी की फुटेज खंगालकर पुलिस ने अभियुक्तों को चिह्नित कर दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार अभियुक्तों से पूछताछ में पता चला कि यह 4 युवकों का एक गिरोह है। ये लोग कोलकाता, हावड़ा और सॉल्टलेक के विभिन्न इलाकों में इसी तरीके से लोगों को ठगते थे। फिलहाल पुलिस मामले में फरार गिरोह के दो अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in