

कोलकाता : फर्जी दस्तावेज के जरिए बैंक से करोड़ों रुपये का लोन लेने के मामले में कोलकाता पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम शुभजीत घोष और चिरंजीत पाल हैं। दोनों को लालबाजार के एंटी बैंक फ्रॉड सेक्शन के अधिकारियों ने हेयर स्ट्रीट थाने में दर्ज एक मामले में गिरफ्तार किया।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, गत 14 अक्टूबर 2025 को डलहौसी स्थित एक सरकारी बैंक के डिप्टी जनरल मैनेजर ने हेयर स्ट्रीट थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि 28 जून 2021 से प्रनाम होटल के मालिक शुभोजीत घोष ने फर्जी दस्तावेज जमाकर उनके बैंक से 2.90 कोरड़ रुपये का लोन और ओवरड्राफ्ट फेसीलिटी ले ली। अदालत में सरकारी वकील ने बताया कि आरोपितों ने फर्जी दस्तावेज जमा कर बैंक से करीब 2 करोड़ 90 लाख रुपये का लोन लिया था। बाद में अभियुक्तों ने उसे नहीं चुकाया था। बैंक ने उनके द्वारा जमा किये गये दस्तावेज की जांच की तो उसे नकली पाया। यही नहीं, बताया गया कि वर्ष 2015 में एक सरकारी संस्था के पास मिदनापुर स्थित इसी संपत्ति के असली दस्तावेज के आधार पर 1 करोड़ 20 लाख रुपये का ऋण लिया गया था। आरोप है कि बाद में उसी संपत्ति के दस्तावेज की हूबहू नकली कॉपी तैयार कर हेयर स्ट्रीट इलाके के एक बैंक में जमा कर 2 करोड़ 90 लाख रुपये का दूसरा लोन हासिल कर लिया गया। बाद में जांच-पड़ताल के दौरान इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की मांग की। सुनवाई के बाद अदालत ने दोनों आरोपितों को 23 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।