नंबर प्लेट गायब, बाइक पर सवार होकर करते थे मोबाइल की लूट!

भवानीपुर से पार्क स्ट्रीट तक फैला था आतंक
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on: 

4 महीने में 50 से अधिक वारदातों का आरोप

दो 23 वर्षीय बदमाश गिरफ्तार

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : महानगर की सड़कों पर राहगीरों के मोबाइल फोन और कीमती सामान झपटने वाले बाइकर्स गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। शेक्सपीयर सरणी, पार्क स्ट्रीट, भवानीपुर और मैदान-हेस्टिंग्स जैसे व्यस्त एवं वीआईपी इलाकों में आतंक मचाने वाले गिरोह के दो कथित सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मोहम्मद समीर और शेख अजहर के रूप में हुई है। दोनों की उम्र महज 23 वर्ष है और वे हावड़ा के बांकड़ा इलाके के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह पिछले चार महीनों से महानगर में सक्रिय था और इस दौरान 50 से अधिक झपटमारी की वारदातों को अंजाम दे चुका था। आरोप है कि दोनों प्रतिदिन कम से कम पांच मोबाइल फोन छीनते थे। गुरुवार को दोनों आरोपियों को बैंकशाल अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 19 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।

पूजा के दौरान बढ़ी थी झपटमारों की सक्रियता

जांच में सामने आया है कि दुर्गापूजा के दौरान गिरोह की गतिविधियां काफी बढ़ गई थीं। भीड़भाड़ वाले इलाकों में राहगीरों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन और कीमती सामान छीनना इनका मुख्य तरीका था। पुलिस से बचने के लिए आरोपी वारदात के तुरंत बाद छीने गए मोबाइल फोन अपने पास नहीं रखते थे, बल्कि उन्हें तत्काल दूसरे ठिकानों पर पहुंचा देते थे। इससे पुलिस के लिए मोबाइल फोन की लोकेशन और आरोपियों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता था। हेलमेट पहनने के कारण उनके चेहरे को पहचानना भी मुश्किल था।

एक्साइड मोड़ पर हादसे ने खोला झपटमारी का राज

दोनों की गिरफ्तारी एक्साइड मोड़ के पास चलाए जा रहे विशेष नाका चेकिंग अभियान के दौरान हुई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रात करीब डेढ़ बजे दोनों पार्क सर्कस सेवेन प्वाइंट की ओर से एक्साइड की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान पुलिस को देखकर वे घबरा गए और उनकी बाइक सड़क पर लगे गार्ड रेल से टकरा गई। हादसे के बाद दोनों बाइक से गिर पड़े, जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों के पास से काले और लाल रंग की एक बाइक बरामद हुई, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस का मानना है कि नंबर प्लेट नहीं होने के कारण उनकी पहचान करना और वारदातों के बाद बाइक को ट्रैक करना चुनौतीपूर्ण हो रहा था।

टूटा हेलमेट और शर्ट का रंग बना अहम सुराग

बिना नंबर प्लेट वाली बाइक के कारण जांच में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। शेक्सपीयर सरणी, पार्क स्ट्रीट और अन्य इलाकों के दर्जनों कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान एक टूटे हुए हेलमेट और आरोपियों की शर्ट के रंग को अहम सुराग माना गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के समय आरोपियों के पास से वही शर्ट बरामद हुई, जो सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दी थी। इससे जांचकर्ताओं को उनकी पहचान की पुष्टि करने में मदद मिली।

गिरोह के अन्य सदस्यों और मोबाइल के खरीदारों की तलाश

अदालत में सरकारी वकील अरूप चक्रवर्ती ने दलील दी कि आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाना जरूरी है कि झपटे गए मोबाइल फोन कहां और किसे बेचे जाते थे। साथ ही गिरोह में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का भी खुलासा करना है। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरोपियों को 19 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। अब पुलिस की जांच का मुख्य केंद्र झपटे गए मोबाइल फोन की बरामदगी, उनके खरीदारों की पहचान और गिरोह के नेटवर्क का पर्दाफाश करना है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News