ट्रकों से वसूली मामले में एसीबी ने हावड़ा के इंस्पेक्टर को किया तलब
कोलकाता :
राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्रांच ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ट्रकों से वसूली और पुलिस प्रमाण पत्र से जुड़े मामलों में लगातार गिरफ्तारियां और पूछताछ की जा रही है। इस बीच अवैध रूप से ट्रक चालकों से वसूली के मामले में एसीबी ने विधाननगर के ट्रैफिक होमगार्ड और हावड़ा के एक सिविक वॉलेंटियर से गहन पूछताछ की है। इस मामले में हावड़ा के एक इंस्पेक्टर को तलब किया गया है। यहां उल्लेखनीय है कि इस मामले में कोलकाता पुलिस के तीन सार्जेंट से पहले ही पूछताछ हो चुकी है। वहीं दूसरी ओर पूर्व मिदनापुर में पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट देने के नाम पर रिश्वत लेने के मामले में एसीबी कार्यालय में एक पुलिस कर्मी से पूछताछ की गई और अन्य तीन लोगों को तलब किया गया है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि इस संगठित अपराध के पीछे एक बड़ा सिंडिकेट काम कर रहा है, जिसमें निचले स्तर के कर्मियों से लेकर कई अधिकारियों की संलिप्तता की जांच की जा रही है।

