फाइल फोटो
कोलकाता सिटी
टेलीग्राम चैनल के जरिए बंगाल में तैयार किया जा रहा था JMB-IMK नेटवर्क!
NIA ने 4 संदिग्धों को किया गिरफ्तार
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
राज्य में संदिग्ध आतंकी गतिविधियों और प्रतिबंधित संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (JMB) से कथित संबंधों के शक में एनआईए ने मंगलवार को करीब छह जगहों पर छापेमारी कर चार लोगों को गिरफ्तार किया। एनआईए को इन लोगों के इमाम महमूद के काफिला (IMK) मॉड्यूल से संभावित संबंध की भी आशंका है। अभियुक्तों के नाम शेख जुम्मान हुसैन, सहारुल हक पुरकैत, पियार मो. शेख और अब्दुर रफीक है। एनआईए सूत्रों के अनुसार मामले में देश के खिलाफ साजिश, युद्ध छेड़ने की कोशिश, देश की संप्रभुता और अखंडता को खतरे में डालने के प्रयास और आतंकवाद विरोधी कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। अभियुक्तों के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और कथित तौर पर आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किया गया है। आगे की जांच के लिए आरोपियों को कोलकाता से गुवाहाटी ले जाने की प्रक्रिया की जा रही है।
‘पूर्व आकाश’ टेलीग्राम चैनल की भूमिका की जांच
एनआईए सूत्रों के अनुसार, ‘पूर्व आकाश’ नाम के एक टेलीग्राम चैनल के जरिए बांग्लादेश से लेकर असम, पश्चिम बंगाल और केरल तक नेटवर्क तैयार करने और युवाओं को कथित तौर पर कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित करने की कोशिश की जा रही थी। एनआईए सूत्रों के अनुसार अभियुक्त कथित तौर पर ऑनलाइन माध्यमों और पूर्व आकाश चैनल के जरिए JMB और IMK से जुड़े हैंडलरों के संपर्क में थे। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि कथित नेटवर्क ने भारत के विभिन्न हिस्सों में अपनी गतिविधियां फैलाने के लिए किस तरह ऑनलाइन संपर्क और एन्क्रिप्टेड चैट का इस्तेमाल किया। एनआईए सूत्रों के मुताबिक, चैनल के जरिए नए युवाओं को कथित तौर पर संगठन से जोड़ने की कोशिश की जा रही थी। सूत्रों के अनुसार ‘बैतुल माल’ के जरिए धन जुटाने की गतिविधियां चल रही थीं।
NIA की गिरफ्त में मस्जिद का इमाम भी
एनआईए ने पूर्व बर्दवान जिले के मंगलकोट के पालिशग्राम स्थित पूर्वपाड़ा मस्जिद के इमाम शेख पियार रहमान को गिरफ्तार किया है। मंगलवार तड़के एजेंसी की टीम ने मस्जिद में तलाशी अभियान चलाया और पूछताछ के बाद उन्हें हिरासत में लिया। एनआईए इस बात की पड़ताल कर रही है कि उनका प्रतिबंधित JMB से कोई संपर्क था या नहीं। सूत्रों के अनुसार, 64 वर्षीय पियार रहमान का घर पूर्व बर्दवान के मंतेश्वर थानांतर्गत कुलुट गांव में है। वह पिछले कुछ वर्षों से पालिशग्राम की मस्जिद में इमाम के तौर पर कार्यरत थे। जांच में उनके पासपोर्ट में बांग्लादेश यात्रा से जुड़ी जानकारी मिलने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि वह करीब 40 दिनों तक बांग्लादेश में रहे थे। हालांकि, इन दावों की जांच अभी जारी है।
दक्षिण 24 परगना में भी कार्रवाई
एनआईए ने दक्षिण 24 परगना के बजबज इलाके के मीठापुकुर और बलरामपुर में भी तलाशी अभियान चलाया। यहां से शेख जुम्मान, मो. साहारुल हक पुरकैत और अब्दुर रफीक नाम के तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों के अनुसार पेशे से दर्जी शेख जुम्मान की बजबज से गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में मो. साहारुल हक पुरकैत का नाम सामने आया। पुरकैत का घर डायमंड हार्बर के रघुनाथपुर में बताया गया है। हालांकि, पिछले करीब 20 वर्षों से वह बजबज थाना क्षेत्र के चिंगड़ीपोटा स्थित अपने ससुराल में रह रहा था। एनआईए ने उसे सुंदरवन पुलिस जिले से उसे भी गिरफ्तार किया गया। शेख जुम्मान को एनआईए की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे पांच दिनों की एनआईए हिरासत में भेज दिया। चौथे अभियुक्त अब्दुर रफीक के बारे में एनआईए की ओर से फिलहाल अधिक जानकारी जुटाई जा रही है।
दक्षिण दिनाजपुर में भी अभियान
एनआईए ने मंगलवार को दक्षिण दिनाजपुर के हरिरामपुर इलाके में भी अभियान चलाया। जांच एजेंसी की कार्रवाई कथित तौर पर गुप्त सूचना के आधार पर की गई। गिरफ्तार लोगों के संभावित संपर्कों और प्रतिबंधित संगठनों से उनके संबंधों की जांच की जा रही है। एनआईए अब गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या बंगाल में किसी बड़े नेटवर्क ने जड़ें जमाई हैं। जांच एजेंसी संदिग्धों के संपर्क, यात्रा और संगठन से संभावित संबंधों की जानकारी जुटा रही है।

