

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
हुगली : तृणमूल कांग्रेस ने SIR और कथित केंद्रीय वंचना के विरोध में विशाल बाइक रैली निकाली। पार्टी के अनुसार, रैली में 10 हजार से अधिक बाइक और एक हजार से ज्यादा चार पहिया वाहन शामिल हुए। रैली सप्तग्राम विधानसभा क्षेत्र के बीटीपीएस टाउनशिप से शुरू होकर बलागढ़, डिग्सुई, मोगरा होते हुए आदिसप्तग्राम पहुंची। रैली में हुगली-श्रीरामपुर तृणमूल संगठन की चेयरपर्सन व विधायक असीमा पात्र, अध्यक्ष व विधायक अरिंदम गुइन, जिला परिषद सभाधिपति रंजन धारा, जिला परिषद सदस्य मानस मजुमदार और बांसबेड़िया पालिका की वाइस चेयरपर्सन शिल्पी चटर्जी , कमल दासए भेदो साहा समेत कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला परिषद सदस्य मानस मजुमदार ने कहा कि एसआईआर और बंगाल के प्रति केंद्र सरकार की वंचना के खिलाफ यह महारैली आयोजित की गई। उनका आरोप है कि भाजपा चुनाव आयोग का दुरुपयोग कर वैध मतदाताओं को परेशान कर रही है और उनके नाम मतदाता सूची से हटाने की कोशिश कर रही है। वहीं भाजपा नेता स्वराज घोष ने रैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि तृणमूल कार्यकर्ता बिना हेलमेट बाइक चला रहे थे। भाजपा का कहना है कि उनकी रैली पर पुलिस कार्रवाई होती है, जबकि तृणमूल को छूट दी जाती है। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि शक्ति प्रदर्शन के जरिए लोगों को डराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन उनकी पार्टी डरने वाली नहीं है।