

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हुगली : रविवार शाम हावड़ा–कटवा शाखा पर उस समय रेल यातायात बाधित हो गया, जब एक अप कटवा लोकल ट्रेन का पैन्टोग्राफ टूट गया। घटना शाम करीब साढ़े 6 बजे बांसबेड़िया स्टेशन में प्रवेश से ठीक पहले हुई। पैन्टोग्राफ टूटते ही ट्रेन स्टेशन से पहले ही रुक गई, जिससे अप लाइन पर एक घंटे से अधिक समय तक ट्रेनों का आवागमन ठप रहा। जानकारी के अनुसार, अप कटवा लोकल ट्रेन बैंडेल स्टेशन से रवाना होकर बांसबेड़िया की ओर जा रही थी। इसी दौरान तकनीकी खराबी के चलते पैन्टोग्राफ टूट गया। घटना की सूचना तुरंत बैंडेल स्टेशन को दी गई। खबर मिलते ही पैन्टोग्राफ मरम्मत से जुड़े रेलकर्मी मौके पर पहुंचे और मरम्मत कार्य शुरू किया गया। हालांकि, एक घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद सेवा पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी। पैन्टोग्राफ टूटने के कारण पीछे आ रही अन्य अप कटवा लोकल ट्रेनें भी रास्ते में फंस गईं। चुंचुड़ा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर एक अप कटवा लोकल ट्रेन करीब एक घंटे तक खड़ी रही। हालांकि, कटवा शाखा की डाउन लाइन पर रेल सेवा सामान्य रूप से जारी रही।