'हर घर तिरंगा' यात्रा के चलते 10 अगस्त को कई सड़कें रहेंगी बंद

ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत पश्चिम बंगाल में पहली बार 10 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को इसकी घोषणा करते हुए बताया कि धर्मतला स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा से शुरू होने वाली इस यात्रा में करीब 50 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।

बड़े आयोजन को देखते हुए कोलकाता ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। चूंकि कार्यक्रम सोमवार को होगा, इसलिए सप्ताह के पहले ही दिन मध्य कोलकाता और मैदान क्षेत्र में यातायात पर व्यापक असर पड़ने की आशंका है। यात्रा के दौरान किंग्सवे, आर.आर. एवेन्यू, प्लासी गेट रोड, मेयो रोड, जवाहरलाल नेहरू रोड, कैथेड्रल रोड, क्वींसवे, रेड रोड, खिदिरपुर रोड, लवर्स लेन और कैसुआरिना एवेन्यू पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। इन मार्गों के अलावा किंग्सवे, ऑकलैंड रोड, स्ट्रैंड रोड के कुछ हिस्सों, डफरिन रोड, मेयो रोड, कैथेड्रल रोड, क्वींसवे और जवाहरलाल नेहरू रोड पर पार्किंग की भी अनुमति नहीं होगी। कोलकाता पुलिस ने कहा है कि आवश्यकता पड़ने पर मुख्य और संपर्क मार्गों पर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। इसलिए यात्रियों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने और पर्याप्त समय लेकर घर से निकलने की अपील की गई है। इसके अलावा दूसरा हुगली सेतु (विद्यासागर सेतु), एजेसी बोस रोड (मौलाली से हेस्टिंग्स), सेंट जॉर्जेस गेट रोड, स्ट्रैंड रोड, सीआर एवेन्यू, जवाहरलाल नेहरू रोड तथा एस.पी. मुखर्जी रोड पर मालवाहक वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी। हालांकि एलपीजी, सीएनजी, पेट्रोल-डीजल, ऑक्सीजन, दवाइयों, दूध, सब्जियों, फलों और मछली जैसी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in