आज पूजा कार्निवल को लेकर विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू

कई सड़कों पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध
रेड रोड पर शनिवार की शाम चल रहा कार्निवल का रिहर्सल
रेड रोड पर शनिवार की शाम चल रहा कार्निवल का रिहर्सल
Published on

कोलकाता: दुर्गा पूजा के समापन पर आयोजित होने वाले भव्य पूजा कार्निवल के मद्देनजर 5 अक्टूबर को कोलकाता पुलिस ने शहर में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। श्रद्धालुओं और आम जनता की सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए कई मुख्य सड़कों पर वाहनों की आवाजाही को या तो पूरी तरह प्रतिबंधित की गयी है या सीमित कर दी गयी है। पुलिस ने जानकारी दी है कि प्रतिमा विसर्जन में शामिल वाहनों को छोड़कर अन्य सभी मालवाहक वाहनों की आवाजाही दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक प्रतिबंधित रहेगी। यह रोक एजेसी बोस रोड (एक्साइड क्रॉसिंग से हेस्टिंग्स क्रॉसिंग तक), न्यू रोड, डफरिन रोड, लवर्स लेन और रेड रोड पर लागू होगी। यह विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लक्खी पूजा तक जारी रहेगी। हेस्टिंग्स से लवर्स लेन तक खिदिरपुर रोड को दोपहर दो बजे से सामान्य वाहनों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। हॉस्पिटल रोड (नॉर्थ बाउंड) पर केवल पूजा कार्निवल में शामिल वाहनों को ही दोपहर दो बजे से अनुमति दी जाएगी। मेयो रोड पर जेएल नेहरू रोड क्रॉसिंग से केवल स्टिकर युक्त वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा। पूजा कार्निवल के आयोजन के दौरान दोपहर 2 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक रेड रोड, लवर्स लेन, क्वीनस्वे, प्लासी गेट रोड और एस्प्लानेड रैम्प को पूरी तरह बंद रखा जाएगा। रेड रोड पर 4 और 5 अक्टूबर की मध्यरात्रि 12 बजे से 5 अक्टूबर सुबह 9 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक कुछ वाहनों को सीमित रूप से अनुमति दी जाएगी, लेकिन दोपहर 2 बजे के बाद यह मार्ग पूरी तरह पूजा कार्निवल के लिए आरक्षित रहेगा। पैदल आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे खिदिरपुर रोड का उपयोग न करें, बल्कि एजेसी बोस रोड, चौरंगी रोड, आउट्राम रोड, मेयो रोड और आरआर एवेन्यू का उपयोग करें। सार्वजनिक परिवहन से आने वाले यात्रियों को एस्प्लानेड या पार्क स्ट्रीट स्टेशन पर उतरकर निर्धारित मार्गों से पैदल चलने की सलाह दी गयी है।

पार्किंग पर भी सख्ती

दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक कई मुख्य सड़कों पर पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। इनमें गवर्नमेंट प्लेस (आरआर एवेन्यू से एस्प्लानेड रोड वेस्ट तक), चौरंगी रोड, जेएल नेहरू रोड ,कैथेड्रल रोड, क्वीनस्वे, मेयो रोड, स्ट्रैंड रोड, बेंटिंक स्ट्रीट (सीआर एवेन्यू से जीसी एवेन्यू तक), आरएन मुखर्जी रोड (दोनों ओर), हेयर स्ट्रीट और ओल्ड कोर्ट हाउस स्ट्रीट (जीपीओ नॉर्थ से लार्किन लेन तक) शामिल है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in