एंबुलेंस खराब, पुलिस बनी सहारा : व्यस्त चौराहे पर गूंजी किलकारी

बेहला में ट्रैफिक सार्जेंट की मदद से गर्भवती महिला ने दिया बच्चे को जन्म
लोगों की मदद करने वाले ट्रैफिक सार्जेंट और महिला की तस्वीर
लोगों की मदद करने वाले ट्रैफिक सार्जेंट और महिला की तस्वीर
Published on

कोलकाता : एक सामान्य ड्यूटी उस समय साहस और संवेदनशीलता की मिसाल बन गई, जब कोलकाता पुलिस के ट्रैफिक सार्जेंट कौशिक नस्कर ने एंबुलेंस खराब हो जाने के बाद एक गर्भवती महिला की मदद कर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित कराया। यह घटना बेहला के डी.एच. रोड और बीरेन रॉय रोड के व्यस्त चौराहे पर हुई, जहां सार्जेंट नस्कर ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात थे। डायमंड हार्बर से एसएसकेएम अस्पताल जा रही एक गर्भवती महिला को लेकर आ रही एंबुलेंस अचानक बीच रास्ते में खराब हो गई, जिससे परिजन घबरा गए।

व्यस्त चौराहे पर एंबुलेंस हुई खराब

जानकारी के अनुसार, दक्षिण 24 परगना के घनश्यामपुर की रहने वाली महिला को प्रसव पीड़ा हुई थी। गुरुवार सुबह परिजन उसे कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल ला रहे थे। आरोप है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही बेहला के डी.एच. रोड और बीरेन रॉय रोड क्रॉसिंग पर एंबुलेंस खराब हो गई। महिला के साथ मौजूद दो महिलाओं ने तुरंत ड्यूटी पर तैनात अधिकारी से संपर्क कर दूसरी गाड़ी की व्यवस्था करने का अनुरोध किया। जब सार्जेंट को पता चला कि महिला को तेज प्रसव पीड़ा हो रही है, तो उन्होंने तुरंत वायरलेस सिस्टम के जरिए गार्ड ऑफिस को सूचना दी। कुछ ही मिनटों में वरिष्ठ ट्रैफिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और एक पुलिस इमरजेंसी वाहन की व्यवस्था की गई। अन्य ट्रैफिक पुलिसकर्मियों और सिविक वॉलंटियरों की मदद से गर्भवती महिला को खराब एंबुलेंस से सुरक्षित स्थानांतरित करने की कोशिश की गई।

सड़क किनारे हुआ सुरक्षित प्रसव

हालांकि अस्पताल ले जाने की प्रक्रिया पूरी हो पाती, उससे पहले ही महिला को तीव्र प्रसव पीड़ा शुरू हो गई और उसने मौके पर ही बच्चे को जन्म दे दिया। पुलिसकर्मियों ने शांतचित्त और तत्परता से सहायता करते हुए मां और नवजात की सुरक्षा सुनिश्चित की। प्रसव के तुरंत बाद मां और नवजात को पुलिस इमरजेंसी वाहन से विद्यासागर स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों को आवश्यक चिकित्सा देखभाल दी गई। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, मां और बच्चा दोनों स्वस्थ और स्थिर हैं।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in