

कोलकाता : गरियाहाट इलाके में ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस सार्जेंट के साथ मारपीट और बदसलूकी करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदन कुमार दास और विमल सिंह के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूटी तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाने के आरोप में पुलिस ने दोनों को रोका था। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस सार्जेंट के साथ उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों ने पुलिस सार्जेंट के साथ मारपीट और बदसलूकी की। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। सोमवार को गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अलीपुर अदालत में पेश किया गया। मामले की आगे की जांच के लिए सरकारी पक्ष की ओर से अदालत में दोनों आरोपियों की पुलिस हिरासत की मांग की गई। अदालत ने अभियुक्तों को 4 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।