ट्रैफिक पुलिसकर्मी की हेलमेट से पिटाई, तीन निजी स्कूल शिक्षक गिरफ्तार

शराब के नशे में रॉन्ग साइड से बाइक चलाने का आरोप, ऐप कैब से टक्कर के बाद हुआ विवाद; इको पार्क थाने की पुलिस ने तीनों को दबोचा
Kolkata
ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर हमले के आरोप में तीन निजी स्कूल शिक्षक गिरफ्तार
Published on: 

बिधाननगर : पश्चिम बंगाल के न्यूटाउन में ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे में धुत तीन युवकों ने पुलिसकर्मी पर हेलमेट से हमला कर दिया और सड़क पर गिराकर उनकी पिटाई की। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार किए गए तीनों युवक पेशे से निजी स्कूल के शिक्षक हैं।

घटना न्यूटाउन के नयापाड़ा सिग्नल इलाके की है। मामले में इको पार्क थाने की पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनमोहन बेहेरा, नितीश कुमार साहू और शुभजीत चक्रवर्ती के रूप में हुई है।

मनमोहन बेहेरा और नितीश कुमार साहू मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले हैं, जबकि शुभजीत चक्रवर्ती उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज का निवासी है। हालांकि, नौकरी के सिलसिले में तीनों न्यूटाउन इलाके में रहते हैं।

रॉन्ग साइड से आ रही बाइक की ऐप कैब से टक्कर, बीच-बचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मी पर हमला

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार रात तीनों युवक एक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। आरोप है कि वे शराब के नशे में थे और गलत दिशा से तेज रफ्तार में बाइक चला रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी एक ऐप कैब से टकरा गई। हादसे के बाद कैब चालक और बाइक सवार युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

विवाद बढ़ता देख कैब चालक ने मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच विवाद शांत कराने की कोशिश की। लेकिन आरोप है कि तीनों युवकों ने पुलिसकर्मी के साथ ही मारपीट शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने हेलमेट से पुलिसकर्मी के सिर पर वार किया और उन्हें सड़क पर गिराकर पीटा। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी के साथ इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही इको पार्क थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गुरुवार को गिरफ्तार आरोपियों को बारासात अदालत में पेश किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत युवकों पर ही कानून के रक्षक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय आरोपी वास्तव में नशे में थे या नहीं और विवाद किस परिस्थिति में हिंसक हुआ।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News