

कोलकाता : दक्षिण 24 परगना जिले के कैनिंग पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के विधायक परेशराम दास की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। राज्य आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) ने एक मामले की जांच के सिलसिले में विधायक को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए तलब किया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सीआईडी ने परेशराम दास को भवानी भवन स्थित राज्य पुलिस मुख्यालय में पेश होने का निर्देश दिया है। बताया जा रहा है कि एक आपराधिक मामले की तफ्तीश के दौरान सामने आए कुछ महत्वपूर्ण तथ्यों के आधार पर पुलिस उनसे पूछताछ करना चाहती है। हालांकि, नोटिस के विषय में सीआईडी और विधायक दोनों ही पक्षों की ओर से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीआईडी के वरिष्ठ अधिकारी इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। मिली जानकारी के अनुसार 2023 में पंचायत चुनाव के दौरान विरोधी पार्टी के नेताओं पर बमबारी और हमला करने का आरोप विधायक पर लगे थे।