टीएमसी नेता जहांगीर खान का करीबी गिरफ्तार

वसूली और चुनावी हिंसा का है आरोप
गिरफ्तार इसराफिल चकदर
गिरफ्तार इसराफिल चकदर
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : पुलिस ने दक्षिण 24 परगना जिले में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता जहांगीर खान के एक करीबी को वसूली, धमकी देने और मारपीट करने समेत कई आरोपों में गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

अभियुक्त का नाम इसराफिल चकदर है। वह बंगनगर -2 ग्राम पंचायत का प्रधान है। उसे बुधवार की रात फलता थाना क्षेत्र के हाशिमनगर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ वसूली, स्थानीय लोगों को धमकाने और मारपीट करने सहित कई शिकायतें दर्ज की गई थीं। जांच के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। जहांगीर खान फलता विधानसभा क्षेत्र में 21 मई को हुए पुनर्मतदान से पहले चुनावी मुकाबले से हटने के बाद से फरार बताया जा रहा है। यह गिरफ्तारी 29 अप्रैल को हुए मतदान के बाद हाशिमनगर में भड़के विरोध-प्रदर्शनों के कुछ सप्ताह बाद हुई है। स्थानीय महिलाओं ने लगातार दो दिनों तक सड़क जाम कर आरोप लगाया था कि चकदर के नेतृत्व में तृणमूल समर्थित बदमाशों ने उन्हें मतदान करने से रोका और मतदान के दौरान उन्हें घरों में बंद रखा। प्रदर्शनकारियों ने चकदर और उसके सहयोगियों पर स्थानीय लोगों के साथ मारपीट करने और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने का भी आरोप लगाया था। इन विरोध प्रदर्शनों के बाद फलता में पुनर्मतदान की मांग उठी थी। कई शिकायतों के आधार पर चुनाव आयोग ने पूरे निर्वाचन प्रक्रिया को रद्द कर 21 मई को फिर से मतदान कराने का आदेश दिया था। पुनर्मतदान में भाजपा उम्मीदवार देवांशु पांडा ने एक लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की, जबकि जहांगीर खान चौथे स्थान पर रहे और उनकी जमानत जब्त हो गई। इससे पहले पुलिस ने जहांगीर खान के एक अन्य कथित करीबी और आईएनटीटीयूसी नेता नासिर शेख को भी फलता स्पेशल इकोनॉमिक जोन में वसूली और श्रमिकों को धमकाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। नासिर शेख पर फैक्ट्री मजदूरों से अवैध वसूली करने और मांग पूरी नहीं होने पर श्रमिकों को काम करने से रोकने का आरोप है।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in